खेल प्रेमी सुल्तान अब्दुल्ला बनेंगे मलेशिया के नए राजा
सुल्तान अब्दुल्ला सुल्तान अहमद शाह को मलेशिया का नया राजा चुना गया है।z
कुआलालंपुर, एएफपी। मुस्लिम बहुल मलेशिया के राज परिवार ने गुरुवार को देश के नए राजा का चयन कर लिया। खेलों में रुचि रखने वाले सुल्तान अब्दुल्ला सुल्तान अहमद शाह नए राजा होंगे। वह अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल संघ फीफा और एशियाई हॉकी एसोसिएशन समेत कई खेल संगठनों से जुड़े हैं।
पिछले माह सुल्तान मुहम्मद पंचम के अचानक राजगद्दी छोड़ने के कारण देश को नए राजा का चुनाव करना पड़ा। उन्होंने अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा होने से पहले ही राजगद्दी छोड़ दी। उन्हें राजगद्दी पर बैठे दो साल ही हुए थे। ऐसा करने वाले वह मलेशिया के पहले राजा हैं। ऐसी अटकलें हैं कि उन्होंने मिस मॉस्को रही रूसी महिला से शादी कर ली है। मलेशिया के संवैधानिक राजतंत्र में हर पांच साल पर देश का नया राजा चुनने की व्यवस्था है। इसके तहत देश के नौ राज्यों के शासकों को ही रोटेशन प्रणाली के तहत बारी-बारी से राजगद्दी पर बैठने का मौका मिलता है।
गुरुवार को एक शाही बयान में कहा गया कि 59 वर्षीय सुल्तान अब्दुल्ला को मलेशिया का 16वां राजा चुना गया है। उनका कार्यकाल 31 जनवरी से शुरू होगा। यह पहले से माना जा रहा था कि पहांग राज्य के शासक सुल्तान अब्दुल्ला ही राजगद्दी संभालेंगे क्योंकि रोटेशन प्रणाली के तहत इस बार इसी राज्य की बारी थी। इससे पहले मलेशिया की सरकारी न्यूज एजेंसी बर्नामा ने बताया कि कुआलालंपुर स्थित राजमहल में नए राजा को चुनने के लिए हुई बैठक में आठ राज्यों के शासक शामिल हुए। इस बैठक में मुहम्मद पंचम शामिल नहीं हुए। राजा का पद छोड़ने के बावजूद वह देश के पूर्वोत्तर राज्य केलांतन के शासक बने रहेंगे।