Coronavirus का ऐसा खौफ, महिला खुद को गुब्बारे में कैद करके पहुंच गई मॉल में शापिंग करने
कोरोना का ऐसा खौफ है कि इन दिनों लोग अपने को बचाने के लिए तमाम तरह के साधन का इस्तेमाल कर रहे हैं। इग्लैंड में एक माल में ऐसी महिला को देखकर हैरान रह गए लोग।
नई दिल्ली, आनलाइन डेस्क। इन दिनों पूरी दुनिया के लोग कोरोना वायरस के संक्रमण से परेशान है और इससे अपने को बचाने के लिए तमाम तरह की जुगत लगा रहे हैं। देश भर में इसके फैलाव को रोकने के लिए लाकडाउन कर दिया गया है जिन जगहों पर इसका पालन नहीं किया गया वहां पर लोगों की संक्रमण की वजह से मौत हो रही है। हर कोई अपने तरीके से इस संक्रमण से बचने का प्रयास करने में लगा हुआ है।
देश में लोग तमाम तरह से देशी नुस्खे अपनाकर बचाव कर रहे हैं वहीं विदेशों में इससे बचाव के अनोखे तरीके देखने को मिल रहे है। यूके इग्लैंड स्थित मॉरिसन रिटेल स्टोर में कुछ दिन पहले एक अजीबोगरीब नजारा देखने को मिला। यहां एक महिला पारदर्शी बाल (zorb ball) में अपने को कैद करके शापिंग करने के लिए पहुंच गई। इस महिला को इस तरह से देखकर माल के अंदर मौजूद लोग हैरान रह गए। सड़क पर भी जिसने इस महिला को इस तरह से चलते हुए देखा वो उसे देखते ही रह गए। कई आनलाइन वेबसाइटों ने इस खबर को अपनी वेबसाइट पर प्रमुखता से प्रकाशित भी किया है।
न कोई छू पाता न कोई पास फटक पा रहा
महिला से माल में मौजूद लोगों ने पूछा कि आखिर वो अपने को इस पारदर्शी बाल में कवर करके क्यूं आई है तो उसने बताया कि उसकी इच्छा थी कि वो सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन करे और किसी तरह के संक्रमण की शिकार न हो। इस तरह की पारदर्शी बाल की वजह से वो लोगों से सोशल डिस्टेंसिंग भी बरकरार रख सकी।
साथ में चल रहे व्यक्ति के पास दिखी सामानों की लिस्ट
महिला जब माल में प्रवेश करती है तो उसके साथ में माल का एक सहायक भी होता है। महिला जिस सामान को लेने के लिए कहती है साथ में चल रहा व्यक्ति उस सामान को लेकर अलग टोकरी में डाल देता है। वो माल में प्रवेश करने के बाद एक कोने से दूसरे कोने तक इसी बाल की सहायता से पहुंच जाती है मगर उसके बाद बाकी हिस्सों में नहीं जा पाती है।
माल में बनी आकर्षण का केंद्र
जब महिला पारदर्शी बाल की सहायता से इस माल में पहुंचती है तो वहां पहले से मौजूद लोगों के आकर्षण का केंद्र बन जाती है। लोग उसे अचरच भरी नजरों से देखते हैं। कई महिलाएं तो उसे देखकर मुंह पर हाथ रख लेती है।
एक व्यक्ति बना रहा वीडियो
महिला को पारदर्शी बाल में देखकर वहां मौजूद एक व्यक्ति उसका वीडियो बनाने लगता है। महिला से बातचीत करने की कोशिश करता है मगर वो उसको एवाइड करती है। व्यक्ति महिला के पीछे-पीछे चलता रहता है और उसका वीडियो बनाता रहता है।
सुरक्षा अधिकारियों ने किया इस तरह घूमने से मना
माल में इस तरह की महिला के आने की सूचना मिलने पर वहां मौजूद एक महिला और एक पुरूष सुरक्षाकर्मी उसके पास पहुंच जाते हैं। वो महिला से निवेदन करते हैं कि वो इस तरह की बाल में रहकर वहां शापिंग नहीं कर सकती है क्योंकि इससे वहां मौजूद बाकी लोग सहज महसूस नहीं कर रहे हैं। सुरक्षा कर्मी महिला से माल से बाहर जाने के लिए कहते हैं उसके बाद वो अपनी इसी बाल के सहारे माल से बाहर निकल जाती है।
क्या होता है जोर्ब बाल (zorb ball)
जोर्ब बाल एक पारदर्शी प्लास्टिक का बना गोला होता है। ये एक तरह का खेल भी होता है। लोग अपने को इसी बाल में कैद करके खुद ही उसे चला सकते हैं। आमतौर पर यूएस में ये इस बाल को एक खेल में इस्तेमाल किया जाता है। लोग अपने को इस बाल में कैद करके किसी ढलान वाली जगह से लुढ़कते हैं उसके बाद जो आगे रहता है वो जीत जाता है। मगर इसे अब सतह पर भी चलाया जा रहा है। सतह पर चलाने के दौरान उसके अंदर बैठे महिला या पुरूष को उसे नियंत्रित करना होता है।