पर्यटकों की सुरक्षा में तैनात श्रीलंकाई पुलिस सीखेगी हिंदी
श्रीलंका टूरिज्म डेवलपमेंट अथॉरिटी के अध्यक्ष और वरिष्ठ अधिकारियों की हालिया बैठक में यह निर्णय लिया गया।
कोलंबो, आइएएनएस। श्रीलंका में पर्यटकों की सुरक्षा में तैनात पुलिस बल को हिंदी सीखने को कहा गया है। दरअसल, बीते कुछ वर्षो में श्रीलंका दुनिया के बेहतरीन पर्यटन स्थल के रूप में मशहूर हुआ है। हर साल श्रीलंका पहुंचने वाले दुनियाभर के पर्यटकों में सबसे बड़ी संख्या भारतीयों की होती है।
पर्यटकों की सुरक्षा के लिए श्रीलंका में 25 नए पुलिस पोस्ट बनाए जा रहे हैं। देश के सभी प्रमुख पर्यटन केंद्रों की सुरक्षा का जिम्मा इनके पास होगा। पर्यटकों की सुरक्षा के लिहाज से यह महत्वपूर्ण है कि पुलिस उनकी भाषा समझे। इसी के चलते पुलिस कर्मियों को अंग्रेजी के साथ ही कई अन्य विदेशी भाषाओं जैसे हिंदी, चीनी, फ्रेंच आदि सीखने को कहा गया है।
श्रीलंका टूरिज्म डेवलपमेंट अथॉरिटी के अध्यक्ष और वरिष्ठ अधिकारियों की हालिया बैठक में यह निर्णय लिया गया। पुलिस महानिरीक्षक पुजित जयसुंदरा ने कहा, 'आने वाले सालों में देश पर्यटन से सबसे अधिक विदेशी मुद्रा कमाने वाला है। इसी कारण से यहां आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा पुलिस की पहली प्राथमिकता है। टूरिस्ट पुलिस डिवीजन के अधिकारियों को भाषा की ट्रेनिंग पर विशेष ध्यान देना होगा।'