धमाकों में लिप्त रहे आतंकियों की संपत्ति जब्त करेगा श्रीलंका
पुलिस प्रवक्ता एसपी रुवान गुणसेकरा ने बताया कि आपराधिक जांच विभाग (सीआइडी) ने हमले में लिप्त लोगों की संपत्तियों की पहचान करने और उनकी सूची तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
कोलंबो, प्रेट्र। ईस्टर के मौके पर श्रीलंका को आत्मघाती धमाकों से दहलाने में लिप्त रहे आतंकियों की संपत्ति जब्त की जाएगी। श्रीलंकाई अधिकारी ऐसे लोगों की संपत्तियों की पहचान करने में जुट गए हैं। श्रीलंका में गत 21 अप्रैल को हुए इन हमलों में तीन चर्चो और तीन होटलों को निशाना बनाया गया था। इनमें 253 लोगों की मौत हो गई थी।
पुलिस प्रवक्ता एसपी रुवान गुणसेकरा ने बताया कि आपराधिक जांच विभाग (सीआइडी) ने हमले में लिप्त लोगों की संपत्तियों की पहचान करने और उनकी सूची तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस ने धमाकों से जुड़े हमलावरों और उनके रिश्तेदारों का विवरण बुधवार को जारी किया था। गुणसेकरा ने कहा कि मुहम्मद कासिम मुहम्मद जहरान उर्फ जहरान हाशिम ने आत्मघाती हमलावरों का नेतृत्व किया था।
वह आतंकी संगठन आइएस से जुड़े स्थानीय नेशनल तौहीद जमात (एनटीजे) संगठन का सरगना था। उसने शांगरी-ला होटल में खुद को उड़ा दिया था। जबकि उसके भाई मुहम्मद नजर मुहम्मद अजत ने जियान चर्च में खुद को उड़ाया था। हाशिम के एक अन्य भाई अच्ची मुहम्मद मुहम्मद ने सेंट सेबेस्टियन चर्च को निशाना बनाया था।
छह मई को जारी होगी रिपोर्ट
आत्मघाती हमलों की जांच के लिए राष्ट्रपति मैत्रीपाल सिरिसेन ने एक विशेष समिति गठित की है। इसकी जांच रिपोर्ट छह मई को जारी की जाएगी।
कैथोलिक चर्चो में रविवार की प्रार्थना रद
श्रीलंका के कैथोलिक चर्च ने गुरुवार को एलान किया कि सभी चर्चो में रविवार को होने वाली प्रार्थनाएं रद कर दी गई हैं। इस द्वीपीय देश में और हमलों की चेतावनी जारी होने के बाद यह कदम उठाया गया है।