विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'फुल स्पीड से बढ़ें आगे..', स्पेन ट्रेन हादसे से जुड़ी ऑडियो रिकॉर्डिंग में बड़ा खुलासा; कंट्रोल रूम ने ड्राइवर को दिया था ग्रीन सिग्नल

Published: Thu, 29 Oct 2026 05:08 PM (IST)

स्पेन में दो ट्रेनों की टक्कर से 68 लोगों की मौत हो गई, जिसमें कंट्रोल सेंटर की बड़ी चूक सामने ...और पढ़ें

स्पेन ट्रेन हादसे से जुड़ी ऑडियो रिकॉर्डिंग आई सामने।

स्पेन ट्रेन हादसे से जुड़ी ऑडियो रिकॉर्डिंग आई सामने।

HighLights

  1. 68 लोगों की मौत, कंट्रोल रूम की बड़ी चूक उजागर।

  2. खड़ी ट्रेन की जानकारी के बावजूद दूसरी को आगे बढ़ने का निर्देश।

  3. स्पेन में राष्ट्रीय शोक, जनता और विपक्षी दलों में आक्रोश।

डिजिटल डेस्क, मैड्रिड। स्पेन में बुधवार को दो ट्रेन के टकराने से भीषण हादसा हो गया। हादसे में 68 लोगों की मौत हो गई वहीं कई लोग घायल हैं। लेकिन अब स्पेनिश मीडिया ने इस हादसे से जुड़ी एक ऑडियो रिकॉर्डिंग जारी की है जिसमें घटना को लेकर कई खुलासे हुए हैं।

रिकॉर्डिंग में सामने आया है कि ट्रैक पर पहले से खड़ी ट्रेन की जानकारी होने के बाद भी कंट्रोल सेंटर ने पीछे से आ रही दूसरी ट्रेन को सामान्य गति से आगे बढ़ने का निर्देश दिया था। 

इस घटना के बाद स्पेन में तीन दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की गई है, वहीं इस मानवीय और तकनीकी चूक को लेकर जनता और विपक्षी दलों में भारी आक्रोश है।

ऑडियो रिकॉर्डिंग में हुए बड़े खुलासे

एल पैस और आरटीवीई द्वारा सामने लाई गई मैड्रिड कंट्रोल सेंटर और ड्राइवरों के बीच बातचीत ने पूरी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

रिकॉर्डिंग के मुताबिक तकनीकी खराबी के चलते ऑटोमैटिक सिग्नलिंग सिस्टम पूरी तरह ठप हो गया था जिसके बाद लैटरल सिग्नलिंग ब्लॉक लागू किया गया।

रिकॉर्डिंग में ये भी सामने आया कि 147 यात्रियों को लेकर जा रही इर्यो ट्रेन उर्डा के एंट्री सिग्नल पर फंस गई थी जिसके बाद ट्रेन के ड्राइवर ने कंट्रोल सेंटर को स्पष्ट बताया था कि सुरक्षा सिस्टम में खराबी के कारण ट्रेन ट्रेक पर रुक गई है और आगे नहीं बढ़ पा रही है।

इर्यो ट्रेन के ट्रैक पर फंसे होने की सूचना के बाद भी कंट्रोलर ने पीछे से आ रही 397 यात्रियों वाली रेनफे ट्रेन के ड्राइवर को हरी झंडी दे दी।

रिकॉर्डिंग में कंट्रोलर और रेनफे ट्रेन के ड्राइवर के बीच की बात भी सामने आई है जिसमें कंट्रोलर ड्राइवर से अपनी यात्रा सामान्य गति से आगे बढ़ने को कह रहा है। ड्राइवर ने कंट्रोलर से पूछा भी कि सामान्य गति से? जिस पर कंट्रोलर ने हामी भरी और फिर रेनफे ट्रेन के ड्राइवर ने ट्रेन आगे बढ़ा दी। कुछ मिनटों बाद रेनफे ट्रेन ने ट्रैक पर पहले से खड़ी इर्यो ट्रेन को जोरदार टक्कर मार दी।

यह फैसला समझ से परे-परिवहन मंत्री

स्पेन के परिवहन मंत्री ऑस्कर पुएंते ने स्वीकार किया कि रेनफे ट्रेन को गलती से बिना किसी स्पीड लिमिट के आगे बढ़ने के निर्देश दिया गया था। उन्होंने इस फैसले को समझ से परे बताया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोगियों में आग लग गई और धुआं भर गया। यात्री सीटों में ही फंस गए।

स्पेन के गृह मंत्रालय ने घटनास्थल पर सैकड़ों कर्मियों के साथ ड्रोन और हेलिकॉप्टर तैनात किए हैं। रात भर फ्लड लाइट्स को रोशनी में शवों और घायलों को निकाला गया।

स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा, 'पूरा स्पेन शोक में है। परिवारों का यह दर्द बेहद गहरा है। एक ही साल में दो बड़े रेल हादसे होना पूरी तरह अस्वीकार्य है।'

बता दें जनवरी में कॉर्डोबा के पास इसी लाइन पर एक हाई स्पीड ट्रेन दुर्घटना में 46 लोगों की मौत हो गई थी।

हादसे के बाद फूटा लोगों का गुस्सा

इस खुलासे के बाद स्पेन की राजनीति गरमा गई और रेल सुरक्षा को लेकर जनता सड़कों पर उतर आई है। दुर्घटना के बाद ज्यादातक राजनीतिक दलों ने आगामी चुनावों के लिए अपना प्रचार अभियान भी रोक दिया है।

स्पेनिश मीडिया TVE की रिपोर्ट के मुताबिक मैड्रिड में स्पेन के परिवहन मंत्रालय के बाहर रात भर लगभग 1500 लोग जमा हुए। कई प्रदर्शनकारियों ने सांचेज और पुएंते के इस्तीफे की मांग की।

भीड़ के बोतलें और फ्लेयर्स फेंके जाने के बाद पुलिस ने स्थिति पर काबू पाने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल किया। हालांकि इसमें किसी के घायल होने या किसी की गिरफ्तारी की कोई खबर नहीं है।

स्पेन के ट्रेन ड्राइवरों के प्रमुख यूनियन सेमाफ ने सुरक्षा मानकों में गिरावट के विरोध में देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया।

स्पेन की मुख्य विपक्षी पार्टी, 'पीपल्स पार्टी' के नेता अल्बर्टो नुनेज फीजो ने कहा, 'स्पेन को यह जानने का अधिकार है कि उसके बुनियादी ढांचे के साथ क्या हो रहा है।'

यह भी पढ़ें- रेड सिग्नल था, फिर भी ट्रेन को आगे क्यों जाने दिया गया? स्पेन ट्रेन हादसे में बड़ा खुलासा