विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मानवीय भूल या सिग्नल फेल... स्पेन में कैसे हुई हाई स्पीड ट्रेनों की टक्कर?

Published: Wed, 28 Oct 2026 05:45 PM (IST)

स्पेन के टोलेडो प्रांत में बुधवार सुबह दो हाई-स्पीड ट्रेनों की टक्कर में 46 लोगों की मौत की खबर है और कई घायल हुए।

News Article Hero Image

HighLights

  1. टोलेडो में दो हाई-स्पीड ट्रेनों की भीषण टक्कर।

  2. हादसे में 46 लोगों की मौत, कई यात्री घायल।

  3. मानवीय चूक और सिग्नल विफलता संभावित कारण।

डिजिटल डेस्क, मैड्रिड। स्पेन के टोलेडो प्रांत में बुधवार सुबह दो हाई-स्पीड ट्रेनों के बीच भीषण टक्कर हो गई। ब्रिटिश समाचार एजेंसी द इंडिपेंडेंट की रिपोर्ट के मुताबिक 46 लोगों की मौत की खबर है और हादसे में कई लोग घायल हो गए हैं।

रेस्क्यू के दौरान मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। शुरुआती जांच में दुर्घटना का कारण सिग्नलिंग सिस्टम की विफलता के दौरान हुई संभावित मानवीय चूक माना जा रहा है।

कैसे हुआ हादसा ?

मैड्रिड-सेविले रूट पर एक AVE ट्रेन और एक Iryo ट्रेन आमने सामने टकरा गई थी। हादसे के समय Iryo ट्रेन में एक बच्चे समेत 147 यात्री सवार थे, जबकि AVE ट्रेन में 397 लोग मौजूद थे।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई डिब्बे पटरी से उतरकर किनारे ढलान पर गिर गए। मैड्रिड से स्यूदाद रियल और अंडालूसिया जाने वाली सभी रेल सेवाएं रोक दी गई हैं।

तकनीकी खराबी के बाद 'ह्यूमन एरर' की आशंका

स्पेनिश मीडिया आउटलेट Okdiario के अनुसार, प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज के नेतृत्व वाली सरकारी सूत्रों ने बताया, 'मुख्य सिग्नलिंग सिस्टम के खराब होने के दौरान, एडिफ (Adif) ऑपरेटर से हुई एक मानवीय चूक इस दुर्घटना का संभावित कारण हो सकती है।'

यह सुरक्षा प्रणाली स्वचालित होती है, लेकिन इसके फेल होने पर यह मैनुअल मोड में चली जाती है। सरकारी सूत्रों के शुरुआती विश्लेषण के अनुसार स्वाचालित सुरक्षा प्रणाली में अचानक तकनीकी खराबी आई, जिससे सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत ट्रेनें ट्रैक पर रुक गई।

ऑटोमेटेड सिस्टम फेल होने के बाद कंट्रोल को मैनुअल मोड में शिफ्ट किया गया। शुरुआती विश्लेषण के अनुसार मानवीय नियंत्रण में ट्रेनों का संचालन बहाल करते समय ऑपरेटर से गंभीर चूक हुई जिसके चलते दोनों ट्रेनें एक ही ट्रैक पर आ गईं।

क्षेत्रीय सरकार की प्रवक्ता एस्टर पैडिला के अनुसार, जांचकर्ता इस बात का पता लगा रहे हैं कि टक्कर के समय एक ट्रेन ट्रैक पर रुकी हुई क्यों थी। जब स्वचालित सुरक्षा प्रणाली फेल हुई तो ट्रेनें रुक गईं, और फिर मानवीय नियंत्रण में सेवाएं बहाल की गईं और यहीं पर वह चूक हुई।

पुराने सिग्नलिंग सिस्टम पर सवाल

दुर्घटनाग्रस्त लाइन पर 1980 के दशक से लागू पुराना 'LZB' सिग्नलिंग सिस्टम काम कर रहा है। हालांकि इस पूरे रूट का तकनीकी आधुनिकीकरण चल रहा था और ऑपरेटर ADIF के अनुसार यह काम पूरा होने के करीब था, लेकिन उससे पहले ही यह घातक चूक हो गई।

प्रधानमंत्री ने जताया शोक

स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने घटना को गंभीर रेल दुर्घटना करार करते हुए कहा कि आपातकालीन सेवाएं मौके पर युद्धस्तर पर बचाव कार्य में जुटी हैं। उन्होंने पीड़ितों और उनके परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की है।

स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने कहा, 'आपातकालीन सेवाएं प्रभावित लोगों की मदद करने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मौके पर काम कर रही हैं, और वे सभी संबंधित प्रशासन के साथ मिलकर काम कर रही हैं। मेरी संवेदनाएं और पूरा समर्थन सभी पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ है।'

चंद महीनों में दूसरा बड़ा रेल हादसा

यूरोप के सबसे बड़े हाई-स्पीड नेटवर्क वाले स्पेन में इस हादसे ने सुरक्षा व्यवस्था पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। जनवरी 2026 में दक्षिणी स्पेन में ट्रेन के पटरी से उतरने और दूसरी ट्रेन से टकराने के कारण 45 लोगों की मौत हुई थी। इससे पहले 2013 में सैंटियागो डी कॉम्पोस्टेला में हुए हादसे में 80 लोगों ने जान गंवाई थी।

यह भी पढ़ें- स्पेन रेल हादसे में 46 से ज्यादा लोगों की मौत, बचाव अभियान जारी; अब तक क्या-क्या हुआ?