दक्षिण अफ्रीका में अंधाधुंध फायरिंग, हमलावर ने घर में घुसकर 11 लोगों को उतारा मौत के घाट
दक्षिण अफ्रीका के डरबन में एक घर में हथियारबंद हमलावरों ने अंधाधुंध गोलीबारी कर 11 लोगों की हत्या कर दी, जिनमें एक गर्भवती महिला भी शामिल है।

दक्षिण अफ्रीका में खूनी वारदात।
HighLights
डरबन के क्वामाखुथा टाउनशिप में घर में अंधाधुंध गोलीबारी हुई।
हथियारबंद हमलावरों ने 11 लोगों की निर्मम हत्या कर दी।
मृतकों में एक गर्भवती महिला भी शामिल, तीन लोग बचे।
डिजिटल डेस्क, केप टाउन। दक्षिण अफ्रीका के पूर्वी बंदरगाह शहर डरबन से एक बेहद भयावह और झकझोर देने वाली खबर सामने आ रही है। यहां डरबन के एक टाउनशिप में स्थित घर में कुछ हथियारबंद हमलावरों ने अंधाधुंध गोलीबारी कर 11 लोगों की निर्मम हत्या कर दी, जबकि इस खूनी हमले में 3 लोग किसी तरह अपनी जान बचाने में कामयाब रहे।
बता दें कि यह दर्दनाक वारदात डरबन के दक्षिण में स्थित क्वामाखुथा टाउनशिप के एक घर में हुई। यह घटना मंगलवार देर रात करीब 11:00 बजे से ठीक पहले की है, जब कुछ लोग एक घर में इकट्ठा हुए थे। इसी दौरान अचानक हथियारबंद हमलावर वहां घुस आए और ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दीं।
पीड़ितों में गर्भवती महिला भी शामिल
क्वाजुलू-नेताल प्रांत के प्रीमियर थामसंखा न्तुली ने बताया कि मारे गए लोगों में एक गर्भवती महिला भी शामिल है। वहीं स्थानीय मीडिया के अनुसार, हमलावरों की क्रूरता यहीं नहीं रुकी।
हमलावरों ने घर में मौजूद सभी लोगों को जबरन एक कमरे में बंद किया और फिर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद उन्होंने पीड़ितों में से एक की कार को भी आग के हवाले कर दिया।
भागने में सफल रहे 3 लोग
मिली जानकारी के अनुसार इस भयावह हमले में तीन लोग किसी तरह जीवित बचने में सफल रहे, जिनका इलाज चल रहा है। वहीं कार्यवाहक पुलिस प्रमुख पुलेंग डिम्पने ने अपराधियों को पकड़ने के लिए 72 घंटे का विशेष अभियान शुरू किया है। पुलिस का कहना है कि उन्हें कुछ ठोस सुराग मिले हैं, जिसके आधार पर हमलावरों की तलाश की जा रही है।
