ऑस्ट्रेलिया में मिला द्वितीय विश्व युद्ध में डूबा अमेरिकी विमानवाहक पोत
इस जहाज को ढूंढने में मुख्य भूमिका माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक पॉल एलन ने निभाई। उन्हीं के नेतृत्व में इस अभियान को अंजाम दिया गया।
कैनबरा, आइएएनएस। द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान समुद्र में डूबे अमेरिकी विमानवाहक पोत यूएसएस लेक्सिंगटन का मलबा ऑस्ट्रेलियाई के पूर्वी तट के पास मिला है। लेक्सिंगटन मई, 1942 में कोरल सागर में हुई जंग में जापान के हमले का शिकार होकर डूब गया था। इस जंग में अमेरिका के 216 नौसैनिक मारे गए थे। अमेरिकी नौसेना ने भी पोत के मिलने की पुष्टि कर दी है।
इस जहाज को ढूंढने में मुख्य भूमिका माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक पॉल एलन ने निभाई। उन्हीं के नेतृत्व में इस अभियान को अंजाम दिया गया। कोरल सागर में पोत का मलबा करीब तीन किलोमीटर गहराई में मिला है। लेक्सिंगटन पर तैनात 35 विमानों में से 11 एलन की कंपनी वालकैन के थे। अमेरिका की प्रशांत कमान के एडमिरल हैरी हैरिस ने लेक्सिंगटन की खोज पर प्रसन्नता जाहिर की है।
हादसे में बचे एक नौसैनिक के बेटे हैरी ने एलन को बधाई देते हुए कहा, मैं 'लेडी लेक्स' (लेक्सिंगटन) को ढूंढने के लिए पॉल एलन और इस अभियान में शामिल खोजी जहाज के चालक दल के सदस्यों को बधाई देता हूं।'
प्रशांत महासागर क्षेत्र में जापान को आगे बढ़ने से रोकने में कोरल सागर की जंग को अहम माना जाता है। इस जंग में लेक्सिंगटन ने अहम भूमिका निभाई थी। अंत में यह जापानी तारपीडो के हमले और बमबारी का शिकार हो गया था।