Move to Jagran APP

समुद्र की गहराइयों में जाकर अब रोबोट करेगा जीवों की जांच, रिसर्च में मिलेगी मदद

समुद्र की गहराई में रहने वाले समुद्री जीवों पर शोध के लिए वैज्ञानिकों ने एक ऐसा रोबोट विकसित किया है जो समुद्र की गहराई में जाने के साथ समुद्री जीवों को कोमलता से पकड़कर उनका अध्ययन भी कर सकेगा।

By Kamal VermaEdited By: Published: Sun, 05 Aug 2018 01:16 PM (IST)Updated: Sun, 05 Aug 2018 01:16 PM (IST)
समुद्र की गहराइयों में जाकर अब रोबोट करेगा जीवों की जांच, रिसर्च में मिलेगी मदद
समुद्र की गहराइयों में जाकर अब रोबोट करेगा जीवों की जांच, रिसर्च में मिलेगी मदद

वाशिंगटन, प्रेट्र। वैज्ञानिक समुद्री दुनिया के तमाम रहस्यों से आज भी अनजान हैं। उस गहरे अंधेरे में ऐसे कई जीव हैं, जिनके बारे में अभी तक कुछ भी पता नहीं है। गहराई और अंधेरा उनके अध्ययन में वैज्ञानिकों की राह के रोड़े बनते हैं। अब इस परेशानी से निपटने के लिए वैज्ञानिकों ने एक ऐसा रोबोट विकसित कर लिया है जो न केवल समुद्र की गहराई में आसानी से जा सकेगा, बल्कि समुद्री जीवों को कोमलता से पकड़कर उनका अध्ययन भी कर सकेगा। इससे उन जीवों को कोई नुकसान भी नहीं पहुंचेगा और वैज्ञानिक नए जीवों का पता लगाने में भी कामयाब हो सकेंगे। वैज्ञानिकों के मुताबिक, इस रोबोट को इस तरह तैयार किया गया है कि समुद्री जीवों को जांच के लिए समुद्र के तल या प्रयोगशाला में ले जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यह रोबोट उस गहराई में स्वयं ही इनकी जांच करने में सक्षम होगा।

loksabha election banner

इंसानों के लिए समुद्र खतरनाक 

गहरा समुद्र हमेशा ही इंसानों के लिए खतरनाक माना जाता है। बावजूद इसके समुद्री जीवों की तमाम प्रजातियां न केवल वहां निवास करती हैं, बल्कि फलती-फूलती भी हैं। इनके अध्ययन के लिए ऐसे खास उपकरणों की जरूरत होती है, जिन्हें रिमोट से चलने वाले वाहनों (आरओवी) से जोड़ा जा सके और उन खतरनाक परिस्थितियों में भी नमूने एकत्र कर सकें।

वर्तमान उपकरण उपयोगी नहीं 

वैज्ञानिकों के मुताबिक, फिलहाल कुछ उपकरण मौजूद हैं, लेकिन उन्हें तेल और खनन उद्योगों को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है। जीवों के अध्ययन के लिए इनका प्रयोग महंगा और कठिन है। साथ ही इनके इस्तेमाल से समुद्री जीवों को नुकसान भी पहुंच सकता है।

ये हैं खासियत 

इन्हीं बातों को ध्यान में रखते हुए अमेरिका स्थित हार्वर्ड यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिकों ने एक ऐसा रोबोट तैयार किया, जो सॉफ्ट और लचीला है। ये परिस्थितियों के अनुरूप स्वयं को बदल सकता है और जीवों को नुकसान पहुंचाए बिना बेहद कोमलता के साथ उन्हें पकड़कर उनकी जांच कर सकता है।

इस तरह किया तैयार 

हार्वर्ड जॉन ए पॉलसन स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड एप्लाइड साइंसेज (एसईएएस) के रॉब वुड कहते हैं, जब कोमल और संवेदनशील समुद्री जीवों की जांच की बात आती है तो बहुत सावधानी बरतनी पड़ती है। जरा सी चूक उन्हें नुकसान पहुंचा सकती है। वहीं, जब यह जांच कोई रोबोट कर रहा हो तो सतर्कता की जरूरत और भी अधिक होती है। इन्हीं चीजों को ध्यान में रखते हुए हमने यह रोबोट तैयार किया है। इसकी मुख्य खासियत इसकी अंगुलियां हैं, जिन्हें पॉलीयूरीथेन और अन्य स्किवशी मैटीरियल से तैयार किया गया है। इसकी अंगुलियां बहुत सावधानी से समुद्री चीजों को पकड़कर उनकी जांच करती हैं। इन्हें आरओवी यानी रिमोट ऑपरेटेड व्हीकल्स के जरिये वैज्ञानिक नियंत्रित कर सकते हैं। इसका यह पंजा समुद्र में स्लग, कोरल, स्पॉन्ज व अन्य समुद्री जीवों को पकड़ने में सक्षम है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.