श्रीलंका में फिर से खुले स्कूल, तीन महीने से कोरोना संक्रमण के चलते थे बंद
श्रीलंका में फिर से आंशिक रुप से स्कूल खोल दिए गए हैं। देश में पिछले 3 महीने से कोरोना वायरस के चलते सभी स्कूल बंद थे।
कोलंबो, एएनआइ। श्रीलंका में फिर से आंशिक रुप से स्कूल खोल दिए गए हैं। देश में पिछले 3 महीने से कोरोना वायरस के चलते सभी स्कूल बंद थे। रिपोर्ट के मुताबिक, यहा पर कोरोना स्थिति कंट्रोल में हैं, जिसके बाद स्कूल को फिर से खोला गया है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, देश के शिक्षा मंत्रालय ने सोमवार से 13,11 और 5 ग्रेड के छात्रों के लिए स्कूल खोलने की इजाजत दे दी है। तकरीबन 800,000 छात्र-छात्राएं स्कूल वापस लौट गए हैं। यहां पर चरणबद्ध तरीके स्कूल खोले गए हैं।
चरणबद्ध तरीके से खुले स्कूल
शिक्षा मंत्रालय ने कहा कि तीसरे चरण के तहत 20 जुलाई को ग्रेड 10 और 12 के छात्रों के लिए स्कूल फिर से खुलेंगे। वहीं इस चरण के चौथे चरण की शुरुआत 27 जुलाई से होगी। इस दौरान ग्रेड 1 और 2 के अलावा बाकी सभी क्लास के लिए स्कूल फिर से खोल दिए जाएंगे। स्कूलों को खोलने के साथ ही खेल गतिविधियों और परीक्षणों को हालांकि अगले नोटिस तक रद कर दिया गया है।
सभी छात्र-छात्रओं के दिए गए निर्देश
मंत्रालय की तरफ से छात्रों को मास्क पहनने और सोशल डिस्टेंसिग मैंटन करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा सभी माता-पिता को सख्ती से सलाह दी जाती है कि वे बुखार, खांसी और फ्लू होने पर बच्चों को स्कूल नहीं भेजें।
श्रीलंका ने अब तक 2,078 पॉजिटिव केस दर्ज किए गए हैं, लेकिन यहा पर 90 प्रतिशत से अधिक रिकवरी दर देखी गई है, जिसमें से कुल 1,917 रोगियों का सफलतापूर्वक इलाज किया गया और उन्हें छुट्टी दे दी गई। बता दें कि चीन के वुहान से फैले संक्रमण से इस वक्त पूरी दुनिया परेशान है। इस वक्त पुरी दुनिया में सबसे ज्यादा संक्रमित देश अमेरिका है। इसके बाद ब्राजील, भारत और रूस सबसे ज्यादा संक्रमति देश है। वैश्विक स्तर पर संक्रमितों का आंकड़ा 1 करोड़ 5 लाख 79 हजार के पार पहुंच गया है।