सऊदी अरब ने हज यात्रियों से कहा, सियासत से रहें दूर
सऊदी अधिकारियों के अनुसार अब तक 18 लाख से ज्यादा हज यात्री मक्का पहुंच चुके हैं।
मक्का, रायटर। सऊदी अरब के मक्का में इस हफ्ते शुरू होने वाली सालाना हज यात्रा के लिए दुनियाभर से लाखों मुस्लिम पहुंचे हैं। इस मौके पर सऊदी अरब ने हज यात्रियों को आगाह किया है कि वे सियासत से दूर रहें और सिर्फ हज पर ध्यान दें। यह सलाह ऐसे समय पर दी गई है जब सुन्नी बहुल सऊदी अरब और शिया बहुल ईरान के बीच तनाव चरम पर है।
मक्का की ग्रांड मस्जिद के इमाम अब्दुलरहमान अल-सुदैस ने गुरुवार को यहां कहा, 'हज सियासी संघर्ष या सांप्रदायिक नारे लगाने के लिए स्थान नहीं है।' इस हफ्ते की शुरुआत में मक्का के गवर्नर प्रिंस खालिद अल-फैसल ने भी हज यात्रियों से कहा था कि वे सभी मसलों को अपने मुल्कों में छोड़कर आएं और यहां से लौटने के बाद ही उन पर चर्चा करें।
18 लाख हज यात्री पहुंचे
सऊदी अधिकारियों के अनुसार, अब तक 18 लाख से ज्यादा हज यात्री मक्का पहुंच चुके हैं। मक्का पहुंचने के बाद हज यात्री काबा की परिक्रमा करते हैं। हज यात्रा पांच दिनों की होती है। तीसरे दिन बकरीद के बाद हज यात्री मुजदलिफा की तरफ जाएंगे और शैतान को पत्थर मारने की रस्म अदा करेंगे।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप