Move to Jagran APP

Russia Ukranie War: रूस ने यूक्रेनी सैनिकों को घेरने के लिए पूर्वी क्षेत्र में किया चौतरफा हमला, मारीपोल में मलबे से मिले 200 लोगों के शव

मारीपोल व खार्कीव जैसे शहरों में भारी तबाही मचाने के बाद रूस ने यूक्रेनी सैनिकों को घेरने के लिए पूर्वी क्षेत्र में चौतरफा हमला शुरू कर दिया है। सिवे‌र्स्की डोनेट्स नदी के किनारों पर बसे जुड़वा शहर सिविरोडोनेस्क व लिसिचंक उसके प्रमुख निशाने हैं।

By Arun Kumar SinghEdited By: Published: Wed, 25 May 2022 01:03 AM (IST)Updated: Wed, 25 May 2022 06:05 AM (IST)
Russia Ukranie War: रूस ने यूक्रेनी सैनिकों को घेरने के लिए पूर्वी क्षेत्र में किया चौतरफा हमला, मारीपोल में मलबे से मिले 200 लोगों के शव
रूस ने यूक्रेनी सैनिकों को घेरने के लिए पूर्वी क्षेत्र में चौतरफा हमला शुरू कर दिया है।

कीव, रायटर। मारीपोल व खार्कीव जैसे शहरों में भारी तबाही मचाने के बाद रूस ने यूक्रेनी सैनिकों को घेरने के लिए पूर्वी क्षेत्र में चौतरफा हमला शुरू कर दिया है। सिवे‌र्स्की डोनेट्स नदी के किनारों पर बसे जुड़वा शहर सिविरोडोनेस्क व लिसिचंक उसके प्रमुख निशाने हैं। यूक्रेनी अधिकारियों ने बताया कि मारीपोल में मलबे की खोदाई के दौरान करीब 200 लोगों के शव बरामद हुए हैं। यूक्रेनी सैनिकों ने मोल्दोव में रूस समर्थक नेताओं के घरों की तलाशी ली है। यूक्रेन पर रूसी हमले के ठीक तीन महीने बाद देश के दूसरे बड़े शहर खार्कीव के अधिकारियों ने भूमिगत मेट्रो के फिर से संचालन की तैयारी शुरू कर दी है।

loksabha election banner

युद्ध के दौरान शहर के मेट्रो स्टेशनों पर हजारों लोगों ने आश्रय ले रखा था। मेट्रो स्टेशन का फिर खोला जाना पिछले हफ्तों के दौरान यूक्रेनी सेना को मिली जीत का संकेत है। यूक्रेनी सैनिक राजधानी कीव की तरह ही खार्कीव से भी रूसी सैनिकों को पीछे धकेलने में सफल रहे हैं। हालांकि, युद्ध का सबसे बड़ा चौथा चरण दक्षिण की ओर बढ़ रहा है। रूस आक्रामक रणनीति के तहत यूक्रेनी सैनिकों को पूर्वी क्षेत्र में फंसाकर डोनबास क्षेत्र के दो प्रांतों डोनेस्क व लुहांस्क पर कब्जा करना चाहता है। लुहांस्क प्रांत के गर्वनर सेरही गदाई ने कहा, 'रूस सिविरोडोनेस्क व लिसिचंक शहरों पर कब्जा करना चाहता है। उस क्षेत्र में यूक्रेन के नियंत्रण वाले ये दोनों आखिरी शहर हैं।'

जेलेंस्की ने रूस पर लगाया युद्ध नियमों के उल्लंघन का आरोप

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने रूस पर युद्ध नियमों को दरकिनार करते हुए 'टोटल वार' छेड़ने का आरोप लगाया है। जेलेंस्की ने आरोप लगाया कि पिछले तीन महीनों के युद्ध के दौरान रूस ने मौतों और बर्बादी की तनिक भी परवाह नहीं की।

रूस का दावा, जानबूझकर कम किए हमले

रूस के रक्षा मंत्री सेर्गेई शोइगू ने मंगलवार को कहा कि उनके देश ने यूक्रेन पर जानबूझकर हमले कम कर दिए हैं, ताकि यूक्रेनी शहरों से उसके नागरिक सुरक्षित स्थान पर पहुंच सकें। एक अन्य शीर्ष अधिकारी ने कहा कि रूस इस युद्ध को लेकर किसी तरह की जल्दबाजी में नहीं है। इसकी कोई समय सीमा तय नहीं है।

यूक्रेन की जीत के लिए कुछ भी करेंगे : यूरोपीय आयोग

दावोस में विश्व आर्थिक मंच- 2022 को संबोधित करते हुए यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वोन डेर लेयेन ने कहा कि रूस के साथ युद्ध में यूक्रेन की जीत सुनिश्चित करने के लिए यूरोप कुछ भी करने को तैयार है। उन्होंने कहा, 'यह सिर्फ यूक्रेन के अस्तित्व का मामला नहीं है। न ही यूरोप से जुड़ा है। बल्कि, यह पूरे वैश्विक समुदाय से जुड़ा मसला है।'

ब्रिटेन के हाउस आफ ला‌र्ड्स के 154 सदस्यों पर रूस ने लगाए प्रतिबंध

मास्को, एएनआइ : रूस ने बदले की कार्रवाई करते हुए ब्रिटेन की संसद के उच्च सदन हाउस आफ ला‌र्ड्स के 154 सदस्यों के खिलाफ निजी प्रतिबंध लगा दिए हैं। रूसी विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को एक बयान जारी कर यह जानकारी दी।

वहीं, रूसी संसद के निचले सदन ड्यूमा ने मंगलवार को एक विधेयक पारित किया जिसमें अभियोजकों को उस स्थिति में मास्को स्थित विदेशी मीडिया के ब्यूरो बंद करने के अधिकार दिए गए हैं!  अगर पश्चिमी देश रूसी मीडिया के साथ गैर-मित्रवत व्यवहार करते हैं। अभी इस विधेयक को पहली रीडिंग में पारित किया गया है और इसकी दो रीडिंग बाकी है। बाद में उच्च सदन इसकी समीक्षा करेगा, उसके बाद राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के हस्ताक्षर करने के उपरांत यह कानून बन जाएगा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.