यूक्रेन पर रूस ने तेज किए हमले, सदर्न ब्रिज के बाद कीव के नॉर्दन ब्रिज पर किया अटैक
रूस ने कीव के नॉर्दन ब्रिज पर हमला किया, जिसमें दो लोग घायल हुए और बिजली आपूर्ति क्षतिग्रस्त हो गई। ...और पढ़ें

यूक्रेन पर रूस ने तेज किए हमले। (रॉयटर्स)
HighLights
रूस ने कीव के नॉर्दन ब्रिज पर हमला किया, दो घायल।
हमले से बिजली आपूर्ति और सड़क यातायात बुरी तरह प्रभावित।
सदर्न ब्रिज के बाद नॉर्दन ब्रिज पर हमला, यातायात बाधित।
डिजिटल डेस्क, कीव। रूस ने कीव के नॉर्दन ब्रिज पर हमला किया। मॉस्को की ओर से यूक्रेन की राजधानी पर हमले तेज करने के साथ ही शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमलों की कड़ी में यह ताजा हमला है।
कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने बताया कि शनिवार के हमले में दो लोग घायल हो गए। उन्होंने कहा कि हमले से सड़क और ट्रॉलीबल को बिजली पहुंचाने वाला पावर सप्लाई सिस्टम क्षतिग्रस्त हो गया, साख ही नदी के ऊपर के ट्रैफिक को भी रोक दिया गया।
सदर्न ब्रिज पर भी हुआ हमला
यह हमला कीव के सदर्न ब्रिज पर हुए हमलों के ठीक एक दिन बाद हुआ है। सदर्न ब्रिज जमीनी परिवहन और शहर के सबवे सिस्टम के लिए अहम है और उस पर 24 घंटे से भी कम समय में पांच बार हमले हुए थे। इन हमलों के कारण गुरुवार से ही यात्रा में भारी रुकावट आ रही है। सदर्न ब्रिज अभी भी बंद है और नॉर्दर्न ब्रिज पर ट्रैफिक सीमित कर दिया गया है।
नीपर नदी से दो हिस्सों में बंटा है कीव शहर
कीव शहर नीपर नदी के कारण दो हिस्सों में बंटा हुआ है। नदी के दाहिने किनारे पर शहर के ज्यादातर बिजनेस सेंटर, ऑफिस और सरकारी संस्थान हैं। बायां किनारा ज्यादातर रिहायशी इलाका है, जहां राजधानी के कम से कम 30 प्रतिशत लोग रहते हैं।
कीव में एक लॉजिस्टिक्स सेंटर को निशाना बनाया- रूस
रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसने शनिवार को यह हमला किया। मंत्रालय का दावा है कि इस पुल का इस्तेमाल यूक्रेनी सैनिकों और सैन्य साजो-सामान को लाने-ले जाने के लिए किया जाता है। मंत्रालय ने यह भी कहा कि उसने कीव क्षेत्र में एक लॉजिस्टिक्स सेंटर को निशाना बनाया।
कीव क्षेत्र के सैन्य प्रशासन के प्रमुख टिमुर त्काचेंको ने शनिवार को बताया कि एक गोदाम और प्रोडक्शन यूनिट पर हमला हुआ, जिसमें चार लोग घायल हो गए। कीव की रक्षा परिषद ने शुक्रवार को एक आपातकालीन बैठक की थी।
(एजेंसी इनपुट के साथ)
