रियाद एयरपोर्ट के पास दिखा काले धुएं का गुबार, हूती विद्रोहियों के हमलों के बीच मची खलबली
सऊदी अरब की राजधानी रियाद में किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास भीषण आग लग गई और काले धुएं का गुबार देखा गया।

रियाद हवाई अड्डे के पास भीषण आग।
HighLights
रियाद हवाई अड्डे के पास भीषण आग, काला धुआँ दिखा।
हाउती विद्रोहियों पर हमले का संदेह, ईंधन केंद्र प्रभावित।
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने हाउती हमलों की निंदा की।
डिजिटल डेस्क, रियाद। सऊदी अरब की राजधानी रियाद में स्थित किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास शनिवार को अचानक भीषण आग और काले धुएं का विशाल गुबार उठता देखा गया।
चश्मदीदों और मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना कथित तौर पर हाउती विद्रोहियों के हमलों के बाद सामने आई है। रॉयटर्स की तस्वीरों में हवाई अड्डे पर एक ईंधन भंडारण केंद्र से धुआं उठता हुआ साफ दिखाई दे रहा है।
धुएं का गुबार और आग
शनिवार को रियाद एयरपोर्ट के पास अचानक आसमान में लपटें और काला धुआं छा गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। शुरुआती रिपोर्ट्स और तस्वीरों के अनुसार, यह आग हवाई अड्डे के पास बने किसी फ्यूल डिपो के आसपास लगी है।
हालांकि, आग के सटीक कारणों और नुकसान के बारे में आधिकारिक तौर पर अभी पूरी जानकारी सामने नहीं आई है। सऊदी सरकार के मीडिया कार्यालय ने भी इस पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
बीती रात जारी हुआ अलर्ट
रॉयटर्स के मुताबिक, सऊदी सिविल डिफेंस ने संभावित खतरे को देखते हुए बीती रात ही फोन पर रियाद और अल-खार्ज शहर के लोगों को अलर्ट जारी किया था। हालांकि, शनिवार सुबह स्थिति सामान्य होने पर 'ऑल-क्लियर' का संदेश जारी कर दिया गया।
अब समझिए क्यों बढ़ रहे हैं ये हमले?
गौरतलब है कि यमन में चल रहे नए सिरे से संघर्ष के बीच, उत्तर यमन के एक बड़े हिस्से पर नियंत्रण रखने वाले हाउती विद्रोहियों ने सऊदी अरब पर अपने हमले तेज कर दिए हैं।
इस बीच, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) ने शुक्रवार को सऊदी अरब पर लगातार हो रहे हाउती हमलों की कड़ी निंदा की है। सुरक्षा परिषद ने खासकर नागरिक ठिकानों और ऊर्जा बुनियादी ढांचे को निशाना बनाए जाने पर गहरी चिंता जताई है।
