हांगकांग में उग्र हुआ प्रदर्शन; मेट्रो स्टेशन पर पेट्रोल बम से किया गया हमला, सेवाएं हुईं ठप
Hong Kong Protest सैकड़ो फेस मास्क लगाए प्रदर्शनकारी मार्च करते हुए स्टेशन पर पहुंचे और वहां पर उन्होंने घटना को अंजाम दिया।
हांगकांग, एजेंसी। कई दिनों की शांति के बाद शनिवार को हांगकांग में फिर से आंदोलन और हिंसा भड़क उठी। मेट्रो रेल के कोलून टोंग स्टेशन पर प्रदर्शनकारियों ने पेट्रोल बमों से हमला किया। इससे स्टेशन को भारी नुकसान हुआ है और उसकी सेवाएं रोक दी गई हैं। घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
सूत्रों के अनुसार लोकतंत्र की मांग वाले आंदोलन पर चीन के कोई ध्यान न देने से नाराज आंदोलनकारी अब आंदोलन का स्वरूप बदलने पर विचार कर रहे हैं। मेट्रो स्टेशन पर हमला इसकी शुरआत था। सरकार ने बयान जारी कर कहा है कि हमले का शिकार हुए स्टेशन को काफी नुकसान हुआ है।
मास्क लगाकर किया प्रदर्शन
सैकड़ो फेस मास्क लगाए प्रदर्शनकारी मार्च करते हुए स्टेशन पर पहुंचे और वहां पर उन्होंने घटना को अंजाम दिया। हाल के दिनों में प्रदर्शनकारियों ने मेट्रो स्टेशनों पर कई हमले किए हैं जिसके चलते कई दिनों तक उसकी सेवाओं को बंद रखा गया। ताजा हमले के बाद भी महानगर की मेट्रो सेवा को रोक दिया गया।
मालूम हो कि हांगकांग में मेट्रो रेल से प्रतिदिन करीब 50 लाख लोग सफर करते हैं। इसे दुनिया के सबसे व्यवस्थित रेलवे नेटवर्क में से एक माना जाता था। शनिवार को प्रौढ़ आंदोलनकारियों का समूह मार्च कर पुलिस मुख्यालय पहुंचा और वहां 48 घंटे के धरने पर बैठा। सिल्वर हेयर्ड मार्चर नाम के समूह में शामिल लोगों ने कहा है कि वे बुजुर्ग भले ही हो गए हैं लेकिन खत्म नहीं हुए हैं।
लोकतंत्र की मांग में तब्दील हुआ आंदोलन
चार महीने पहले चीन के साथ प्रत्यर्पण संधि के विरोध में शुरू हुआ आंदोलन अब लोकतंत्र की मांग के आंदोलन में तब्दील हो गया है। इसे अमेरिका, फ्रांस, ऑस्ट्रेलिया समेत कई देशों का समर्थन हासिल है। बीते सप्ताह सरकार ने जब फेस मास्क पर प्रतिबंध लगाया तो आंदोलनकारी भड़क उठे। इसके बाद दसियों हजार आंदोलनकारी सड़कों पर उतरकर दर्जनों स्थानों पर पुलिस से जूझे। सरकार ने उस रात को स्वायत्त क्षेत्र की काली रात कहा था।
अमेरिकी सांसद के साथ मुलाकात रद की
हांगकांग की शीर्ष नेता कैरी लैम ने अमेरिकी सांसद टेड क्रूज के साथ अपनी प्रस्तावित मुलाकात रद कर दी है। पता चला है कि लैम ने मुलाकात को गोपनीय रखने का अनुरोध किया था लेकिन टेड ने इसे मीडिया को बता दिया। इसी के बाद हांगकांग में लोकतंत्र की मांग वाले आंदोलन के बीच होने वाली इस बैठक को लैम ने रद कर दिया। चीन आंदोलन को भड़काने का आरोप अमेरिका पर लगाता रहा है।
यह भी पढ़ें: PM Modi और Xi Jinping की अनौपचारिक मुलाकात, जानें- किस तरह है रणनीतिक संबंधों के लिए बेहतर
यह भी पढ़ें: कोबरा सांप को हाथ में लेकर लड़कियों ने किया गरबा डांस, Viral Video के बाद मामला दर्ज