महंगाई के खिलाफ पुर्तगाल में सड़कों पर उतरी जनता, मकानों की कीमतें 2017 के बाद हुईं दोगुनी
पुर्तगाल की राजधानी लिस्बन में हजारों लोगों ने बढ़ती महंगाई और गहरे आवास संकट के विरोध में मार्च निकाला, जिससे केंद्र-दक्षिणपंथी सरकार पर दबाव बढ़ गया है।

महंगाई के खिलाफ पुर्तगाल में सड़कों पर उतरी जनता। (रॉयटर्स)
HighLights
लिस्बन में महंगाई और आवास संकट के खिलाफ प्रदर्शन।
श्रमिक संगठन सीजीटीपी ने हजारों लोगों को जुटाया।
वेतन वृद्धि महंगाई के मुकाबले धीमी, सरकार पर दबाव।
डिजिटल डेस्क, लिस्बन। पुर्तगाल में बढ़ती महंगाई और गहराते आवास संकट के विरोध में शनिवार को हजारों लोगों ने मध्य लिस्बन में मार्च निकाला। इससे केंद्र-दक्षिणपंथी सरकार पर दबाव बढ़ा है। रैली का आह्वान देश के सबसे बड़े श्रमिक संगठन सीजीटीपी ने किया।
संगठन के मुताबिक, राजधानी के मुख्य मार्गों में से एक पर हजारों की संख्या में लोग जुटे। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वेतन महंगाई और आवास की बढ़ती लागत के साथ कदम नहीं मिला पा रहा है। पुर्तगाल में सितंबर में महंगाई दर 3.6 प्रतिशत रही। खाद्य पदार्थों और ईंधन की बढ़ती कीमतों का इसमें योगदान रहा।
पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने के बाद ईंधन की कीमतें सालाना आधार पर 15 प्रतिशत बढ़ीं। 2017 के बाद से मकानों की कीमतें दोगुने से अधिक हो चुकी हैं और घरों का किराया लगभग दोगुना हो गया है। यूरोप के कई देशों में असंतोष बढ़ रहा है। फ्रांस और बेल्जियम में भी विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। अल्बानिया में भी जनता प्रधानमंत्री का इस्तीफा मांग रही है।
(समाचार एजेंसी रॉयटर्स के इनपुट के साथ)
