पोलैंड के स्कूल में छात्र ने चाकू से किया हमला, टीचर समेत 7 घायल
पोलैंड के ओस्ट्रोलेका में एक वोकेशनल स्कूल में बुधवार को एक छात्र ने चाकू से हमला कर दिया। इस घटना में एक शिक्षक और छह छात्र घायल हो गए।

पोलैंड के स्कूल में छात्र ने चाकू से किया हमला।
HighLights
पोलैंड के स्कूल में छात्र ने चाकू से किया हमला।
एक शिक्षक सहित सात लोग घायल।
हमलावर 19 वर्षीय छात्र पुलिस हिरासत में लिया गया।
डिजिटल डेस्क, वारसॉ। पोलैंड के एक स्कूल में बुधवार को एक छात्र चाकू लेकर घुस गया और अपने ही साथी छात्रों पर हमला कर दिया। घटना में 7 लोग घायल हो गए हैं। पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि हमलावर को हिरासत में ले लिया गया है।
स्थानीय मीडिया आउटलेट RMF 24 की रिपोर्ट के अनुसार, इस भयानक हमले में घायल हुए 7 लोगों में से दो लोगों की हालत गंभीर है। घटना में एक टीचर और 6 छात्र घायल हुए हैं। चाकू मारने की यह भयानक घटना ओस्ट्रोलेका के वोकेशनल स्कूल कॉम्प्लेक्स में हुई। घटना के बाद एक एयर एम्बुलेंस और एक हेलीकॉप्टर भेजा गया।
स्कूल के ही छात्र ने किया हमला
निजी ब्रॉडकास्टर RMF FM ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि हमलावर उसी स्कूल का 19 साल का छात्र था और पैदल ही स्कूल से भाग गया। पुलिस ने नारिव नदी के किनारे शहर के बीच के पास छात्र को गिरफ्तार किया।
मेयर ने जांच की कही बात
ओस्ट्रोलेका के मेयर पावेल निविआदोम्स्की ने घटना की जानकारी देते हुए कहा, 'प्रिय निवासियों मैं ओस्ट्रोलेका में वोकेशनल स्कूल कॉम्प्लेक्स नंबर 4 में हुई घटना की पुष्टि करता हूँ जिसमें एक धारदार हथियार का इस्तेमाल किया गया है।'
उन्होंने आगे कहा,'इस घटना में कई लोग घायल हुए हैं, इमरजेंसी सेवाओं ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया है। सभी संबंधित अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं और वो सुरक्षा सुनिश्चित करने और घटना की सभी परिस्थितियों की जांच कर रहे हैं।'
मेयर ने स्कूलों को निर्देश देते हुए कहा, 'मैंने ओस्ट्रोलेका शहर द्वारा संचालित अन्य सभी स्कूलों में अनाधिकृत लोगों को प्रवेश को रोकने के निर्देश जारी किए हैं।'
मेयर ने अभिभावकों और कर्मचारियों से शांत रहने और स्कूल प्रशासन के निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया है।
यह भी पढ़ें- पोलैंड सीमा पर रूसी ड्रोन हमले से बाल-बाल बचे पूर्व ब्रिटिश PM बोरिस जॉनसन, समय बदलने से बची जान
