पीएचपी की गंभीर खामियों ने पूरे यूरोप में सरकारी वेबसाइटों को किया ऑफलाइन, आस्ट्रेलिया-जापान समेत कई देशों को दिए निर्देश
पूरे यूरोप में सरकारी वेबसाइटों को पीएचपी प्रोग्रामिंग भाषा में गंभीर कमियों के कारण ऑफलाइन करना पड़ा। डेवलपर्स ने तुरंत ...और पढ़ें

यूरोप में सरकारी वेबसाइटें पीएचपी खामियों से ऑफलाइन हुईं
HighLights
यूरोप में सरकारी वेबसाइटें पीएचपी खामियों से ऑफलाइन हुईं
डेवलपर्स ने पीएचपी में गंभीर कमियां पाईं, अपडेट जारी
नीदरलैंड, फिनलैंड ने एहतियातन अपनी साइट्स बंद कीं
डिजिटल डेस्क, एम्स्टर्डम। पूरे यूरोप में बुधवार को सरकारी वेबसाइटों को ऑफलाइन करना पड़ा। ऐसा तब हुआ, जब एक व्यापक रूप से इस्तेमाल होने वाली प्रोग्रामिंग भाषा पीएचपी में गंभीर कमियों का पता चला, जिससे वेबसाइट आपरेटरों को अपने सिस्टम की सुरक्षा के लिए कदम उठाने पड़े।
पीएचपी प्रोग्रामिंग भाषा के डेवलपर्स ने बताया कि उन्हें दो गंभीर कमियां मिली हैं। उन्होंने यूजर्स से अपील की कि जैसे ही कमियों को ठीक करने वाला अपडेट जारी हो, तुरंत अपडेट कर लें। बाद में बताया गया कि इन कमियों को दूर करने वाला नया वर्जन जारी कर दिया गया है।
पीएचपी में गंभीर कमियों के कारण वेबसाइटें ऑफलाइन
हैकर्स से बचने के लिए नीदरलैंड और फिनलैंड की सरकारी एजेंसियों ने एहतियातन अपडेट आने से पहले अपनी वेबसाइटों को ऑफलाइन कर दिया। इंटरनेट का बड़ा हिस्सा पीएचपी पर टिका है, जिससे यह चिंता पैदा हो गई है कि बड़ी संख्या में वेबसाइटें हमलों की चपेट में आ सकती हैं।
यूरोप, आस्ट्रेलिया, जापान और ब्रिटेन की साइबर सुरक्षा एजेंसियों ने पीएचपी यूजर्स से आग्रह किया कि वे तुरंत अपने सिस्टम को अपडेट करें या पैच लागू होने तक वेबसाइटों को ऑफलाइन कर लें।
नीदरलैंड की साइबर सुरक्षा एजेंसी ने भी खुद को ऑफलाइन कर लिया। अधिकारियों का कहना है कि पीएचपी-5 और उसके बाद के सभी वर्जन प्रभावित हो सकते हैं, हालांकि पीएचपी ने अभी तक यह नहीं बताया है कि कौन-कौन से वर्जन में ये कमजोरियां मौजूद हैं।
पीएचपी क्या है?
पीएचपी एक प्रोग्रामिंग भाषा है, जो वेबसाइटों को चलाती है। यह पर्दे के पीछे काम करती है। जब कोई यूजर किसी पेज को लोड करता है, तो पीएचपी चलाने वाला सर्वर कंटेंट को इकट्ठा करता है और तैयार पेज को ब्राउजर तक भेज देता है। यह मुफ्त और ओपन सोर्स है, और इसे वालेंटेयर्स द्वारा मेंटेन किया जाता है।
(न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के इनपुट के साथ)
