ऑस्ट्रेलिया में लॉकडाउन के खिलाफ सड़कों पर उतरे लोग, कई गिरफ्तार, कुछ पर लगा जुर्माना
ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न शहर में शनिवार को सैकड़ों लोग लॉकडाउन के खिलाफ सड़कों पर उतर आए और विरोध प्रदर्शन किया। 15 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया गया है।
मेलबर्न, रायटर। ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न शहर में शनिवार को सैकड़ों लोग लॉकडाउन के खिलाफ सड़कों पर उतर आए और विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने आदेश का उल्लंघन करने पर 15 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर लिया। ऑस्ट्रेलिया में विक्टोरिया प्रांत कोरोना महामारी का हॉटस्पाट बना है। संक्रमण पर अंकुश लगाने के प्रयास में मेलबर्न में करीब पांच हफ्ते से लॉकडाउन है। मेलबर्न में सड़कों पर उतरे करीब 200 प्रदर्शनकारियों ने 'फ्रीडम' और 'ह्यूमन राइट्स मैटर' जैसे नारे लगाए। इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को घेर रखा था।
विक्टोरिया पुलिस ने एक बयान में बताया कि एक व्यक्ति को पुलिस पर हमले के आरोप में पकड़ा गया, जबकि बाकी प्रदर्शनकारियों को स्वास्थ्य संबंधी पाबंदियों के उल्लंघन पर गिरफ्तार किया गया। कुछ पर जुर्माना भी लगाया गया है। ऑस्ट्रेलिया के सिडनी और बायरॉन बे में भी विरोध प्रदर्शन किए जाने की खबर है। इस बीच, विक्टोरिया में शनिवार को 76 नए मामले पाए गए और 11 पीडि़तों की मौत हुई। अधिकारियों ने बताया कि पाबंदियों का ही परिणाम है कि विक्टोरिया में नए मामलों में धीरे-धीरे गिरावट आ रही है।
दुनियाभर में कोरोना महामारी का संकट तेजी से बढ़ता जा रहा है। दुनियाभर में कोरोना के मामले बढ़कर 2.668 करोड़ हो चुके हैं जबकि संक्रमण से मरने वालों का आंकड़ा 874,218 पर पहुंच गया है। इससे बचाव के लिए दुनिया के कई देशों में वैक्सीन तैयार करने की कोशिशें तेज की गई हैं। दुनियाभर में करीब 170 वैक्सीन पर काम चल रहा है। 30 वैक्सीन का ट्रायल अपने आखिरी चरण में पहुंच गया है। इस बीच, डब्ल्यूएचओ ने कहा है कि 2021 के मध्य से पहले वैक्सीन का सभी को वितरण शुरू होने की उम्मीद नहीं है।