विपक्षी नेता नवलनी की जान खतरे में, इलाज के लिए भेजे जाएं विदेश, संयुक्त राष्ट्र ने रूस से किया अनुरोध
संयुक्त राष्ट्र के मानवाधिकार विशेषज्ञों ने कहा है कि रूस में विपक्षी नेता एलेक्सेई नवलनी की जान को खतरा है। उन्हें रूस से बाहर इलाज की सख्त जरूरत है। नवलनी इस समय रूस की जेल में हैं और अपने चिकित्सक से इलाज की मांग को लेकर अनशन पर हैं।
जेनेवा, एजेंसियां। संयुक्त राष्ट्र के मानवाधिकार विशेषज्ञों ने कहा है कि रूस में विपक्षी नेता एलेक्सेई नवलनी की जान को खतरा है। उन्हें रूस से बाहर इलाज की सख्त जरूरत है। नवलनी इस समय रूस की जेल में हैं और अपने चिकित्सक से इलाज की मांग को लेकर अनशन पर हैं। उनके बिगड़ते स्वास्थ्य को देखते हुए जेल प्रशासन ने उन्हें वहीं के अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया है।
संयुक्त राष्ट्र का रूस से अनुरोध, जेल में बंद नवलनी को चिकित्सा के लिए विदेश जाने की दें अनुमति
संयुक्त राष्ट्र के विशेषज्ञों ने रूसी अधिकारियों से अनुरोध किया है कि नवलनी को अविलंब उनके डॉक्टरों से इलाज की इजाजत दी जाए। उन्हें आवश्यक चिकित्सा के लिए शीघ्र देश से बाहर जाने की अनुमति भी दी जाए, जैसी कि अगस्त 2020 में दी गई थी।
44 वर्षीय नवलनी पर विदेश यात्रा की शर्तों के उल्लंघन का आरोप
44 वर्षीय नवलनी ने करीब तीन सप्ताह पूर्व भूख हड़ताल शुरू की थी। वह गबन के एक पुराने मामले में ढाई साल की सजा काट रहे हैं। विदेश यात्रा की शर्तों के उल्लंघन के आरोप भी उन पर हैं। इलाज के लिए पिछले वर्ष जर्मनी गए नवलनी इस साल जनवरी में रूस लौटे थे। इलाज के दौरान जर्मनी ने कहा था कि नवलनी को जहर दिया गया था। नवलनी ने भी अपनी विदेश यात्रा के दौरान रूसी सरकार के खिलाफ बयानबाजी की थी।
कई शहरों में प्रदर्शन, 400 गिरफ्तार
नवलनी के समर्थन में बुधवार को भी रूस के कई शहरों में प्रदर्शन हुए। इन प्रदर्शनों में शामिल तमाम लोगों को पहले ही उनके घरों में कैद कर दिया गया था। बावजूद इसके कई शहरों में प्रदर्शन हुए। इन प्रदर्शनों में शामिल करीब 400 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। लंदन में करीब 250 रूसी मूल के लोगों ने रूस के दूतावास के आगे प्रदर्शन कर नवलनी की अविलंब रिहाई की मांग की।