टूरिज्म वीजा पर दुबई गया भारतीय पहुंचा जेल, जानें क्या है मामला
उत्तर प्रदेश के रामपुर का रहने वाला भारतीय नागरिक वसी अहमद एक महीने के पर्यटन वीजा पर गत नौ फरवरी को दुबई पहुंचा था। भारत में एक एजेंट ने उसे इसी वीजा पर नौकरी लगवाने का वादा किया
अबूधाबी, आइएएनएस। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में लापता एक भारतीय नागरिक अबूधाबी की जेल में मिला है। भारतीय दूतावास के अधिकारी के अनुसार, तय समयसीमा से ज्यादा दिन रुकने के कारण उसे जेल में डाल दिया गया था। अब उसकी रिहाई के प्रयास किए जा रहे हैं।
स्थानीय मीडिया के अनुसार, उत्तर प्रदेश के रामपुर का रहने वाला भारतीय नागरिक वसी अहमद एक महीने के पर्यटन वीजा पर गत नौ फरवरी को दुबई पहुंचा था। भारत में एक एजेंट ने उसे इसी वीजा पर नौकरी लगवाने का वादा किया था। इस काम के लिए एजेंट ने उससे 80 हजार रुपये वसूले थे। उसे नौकरी भी मिली, लेकिन एक महीने की वीजा अवधि पूरी होने पर उसे नौकरी से निकाल दिया गया।
वसी को नौकरी के लिए रोजगार वीजा लाने को कहा गया। करीब एक माह बाद मामला सामने आने पर देश में तय समयसीमा से ज्यादा ठहरने के अपराध में पुलिस ने वसी को जेल में डाल दिया। भारतीय दूतावास की अधिकारी पूजा वरनेकर ने कहा, 'वसी अभी जेल में है। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे भारत वापस भेज दिया जाएगा।'
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप