फ्रांस में प्रदर्शनकारियों की संख्या में कमी आई, मैक्रों ने ली राहत की सांस
फ्रांस में सप्ताहांत में होने वाले सरकार विरोधी प्रदर्शनों में शनिवार को उनकी संख्या पिछले सप्ताह के मुकाबले आधी रह गई।
पेरिस, एएफपी। फ्रांस में शनिवार को भी प्रदर्शन हुए। हजारों पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में देश भर में प्रदर्शन हुए। लेकिन सप्ताहांत में होने वाले सरकार विरोधी प्रदर्शनों में शनिवार को उनकी संख्या पिछले सप्ताह के मुकाबले आधी रह गई। फ्रांस के आंतरिक मंत्रालय ने कहा है कि फ्रांस में एक अनुमान के मुताबिक 33500 प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतरे, जबकि पिछले सप्ताह 77 हजार से ज्यादा लोगों ने हिस्सा लिया था।
राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों अपने कार्यकाल में सबसे बड़े संकट का सामना कर रहे हैं। येलो वेस्ट प्रदर्शन से निपटने के लिए सोमवार को राष्ट्रपति ने कई रियायतों की घोषणा की थी। इस आंदोलन में फ्रांस के ग्रामीण और छोटे शहरों से लोग आ रहे हैं।
दोपहर तक पेरिस में पिछले शनिवार के मुकाबले कम भीड़ उमड़ी। महीनों तक चले टकराव और बाधा के बाद फ्रांस के दूसरे हिस्से से गंभीर हिंसा की कोई खबर नहीं मिली। स्थानीय सरकार द्वारा जारी आंकड़े के मुताबिक राजधानी में पुलिस ने 11 बजे दिन तक करीब 60 लोगों को गिरफ्तार किया है। पिछले सप्ताह इसी समय तक 500 लोगों को गिरफ्तार किया गया था।