उत्तर कोरिया ने अमेरिका को निशाना बनाने वाली मिसाइल के इंजन का किया परीक्षण, ट्रंप की बढ़ेगी परेशानी
उत्तर कोरिया ने अमेरिकी मुख्यभूमि को निशाना बनाने में सक्षम मिसाइल इंजन का परीक्षण करने का दावा किया है, जिसका अवलोकन किम जोंग उन ने किया।

उत्तर कोरिया ने मिसाइल के इंजन का किया परीक्षण। (रॉयटर्स)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। उत्तर कोरिया ने दावा किया है कि उसने अमेरिकी मुख्यभूमि को निशाना बनाने में सक्षम मिसाइल के इंजन का परीक्षण किया है। इसका अवलोकन नेता किम जोंग उन ने किया।
कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी ने बताया कि किम ने इंजन के ग्राउंड जेट परीक्षण को देखा। इंजन की अधिकतम शक्ति 2,500 किलोटन है, जो सितंबर में इसी तरह के ठोस-ईंधन इंजन के परीक्षण में रिपोर्ट की गई 1,970 किलोटन से अधिक है। यह परीक्षण देश के पांच वर्षीय हथियार निर्माण कार्यक्रम के हिस्से के रूप में किया गया था, जिसका उद्देश्य परमाणु-सक्षम बैलिस्टिक मिसाइलों और अन्य हथियारों को उन्नत करना है।
रणनीतिक सैन्य शक्ति को सर्वोच्च स्तर पर पहुंचाने की कोशिश
उत्तर कोरिया के शासक किम जोंग उन ने कहा कि नवीनतम इंजन परीक्षण देश की रणनीतिक सैन्य शक्ति को सर्वोच्च स्तर पर पहुंचाने में अत्यंत महत्वपूर्ण है। हालांकि यह नहीं बताया गया कि परीक्षण कब और कहां हुआ। दक्षिण कोरिया के शोधकर्ता ली चून ग्यून ने कहा कि उत्तर कोरिया की नवीनतम परीक्षण पर रिपोर्ट "झूठी" हो सकती है, क्योंकि इसमें इंजन के कुल दहन समय जैसी कुछ महत्वपूर्ण जानकारी नहीं दी गई।
उत्तर कोरिया ने सितंबर के महीन में किए गए परीक्षण को ठोस ईंधन इंजन का नौवां और अंतिम जमीनी परीक्षण बताया था, जिसके बारे में उसने पहले कहा था कि इसका उपयोग अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइलों के लिए किया जाएगा। उस समय पर्यवेक्षकों ने भविष्यवाणी की थी कि उत्तर कोरिया जल्द ही उस इंजन से लैस एक आईसीबीएम का परीक्षण करेगा, लेकिन उसने अभी तक ऐसा नहीं किया है।
(समाचार एजेंसी एपी इनपुट के साथ)
