शिखर वार्ता की राह खोलने को अगले महीने उत्तर कोरिया की संसद का सत्र
उत्तर कोरिया की सरकारी न्यूज एजेंसी केसीएनए के मुताबिक, 13वीं सुप्रीम पीपुल्स असेंबली का छठा सत्र 11 अप्रैल को होगा।
सियोल (एएफपी)। अगले महीने उत्तर कोरिया की संसद के वार्षिक सत्र का आयोजन किया जाएगा। ऐसे में उम्मीद है कि वह दक्षिण कोरिया और अमेरिका के साथ शिखर वार्ता का मार्ग प्रशस्त करेगा। गौरतलब है कि उत्तर एवं दक्षिण कोरिया और उत्तर कोरिया एवं अमेरिका के बीच शिखर वार्ता प्रस्तावित है।
उत्तर कोरिया की सरकारी न्यूज एजेंसी केसीएनए के मुताबिक, 13वीं सुप्रीम पीपुल्स असेंबली का छठा सत्र 11 अप्रैल को होगा। हालांकि उसने सत्र के एजेंडे या अन्य किसी तरह की जानकारी नहीं दी। उत्तर कोरिया की रबर स्टांप संसद का सत्र साल में एक या दो बार होता है।
अधिकतर यह एक दिन का होता है जिसमें बजट और सत्तारूढ़ वर्कर्स पार्टी के सामान्य कामकाज को मंजूरी दी जाती है। हालांकि कभी-कभी इसमें बड़ी घोषणाएं भी की जाती हैं। 2012 के सत्र में उसने उत्तर कोरिया को औपचारिक तौर पर परमाणु राष्ट्र घोषित करने के लिए संविधान संशोधन को मंजूरी दी थी। विशेषज्ञों का मानना है कि इस बार संसद सत्र में उच्च अधिकारियों में फेरबदल हो सकती है।