किम चल रहे दोहरी चाल, वार्ता के साथ कर हैं परमाणु मिसाइल की भी तैयारी, यूं खुली पोल
दोनों नेता बड़ी उम्मीद से हनोई वार्ता में शामिल हुए थे लेकिन यह बेनतीजा रही। अभी इस वार्ता को हुए एक पखवाड़ा भी नहीं हुआ कि उत्तर कोरिया ने अपना परीक्षण स्थल को बहाल किया है।
प्योंगयांग [ एजेंसी ] । उत्तर कोरिया ने अपने परमाणु मिसाइल परीक्षण स्थल का हिस्सा बहाल किया है। यह खबर ऐसे समय आई है जब हाल में वियतनाम के हनाई में हुई अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन की शिखर वार्ता विफल हो गई थी। दोनों नेता बड़ी उम्मीद से हनोई वार्ता में शामिल हुए थे, लेकिन यह बेनतीजा रही। अभी इस वार्ता को हुए एक पखवाड़ा भी नहीं हुआ कि उत्तर कोरिया ने अपना परीक्षण स्थल को बहाल किया है।
सिंगापुर वार्ता के बाद जोंग ने जारी रखा परमाणु कार्यक्रम
हालांकि, इसके पूर्व वर्ष 2018 में दोनों नेताओं की सिंगापुर शिखर वार्ता के बाद यह उम्मीद जगी थी कि उत्तर कोरिया अपने परमाणु कार्यक्रम का त्याग कर देगा। इस वार्ता में उत्तर कोरिया ने कहा था कि वह अपने परमाणु कार्यक्रम पर रोक लगाएगा और परमाणु परीक्षण स्थलों को ध्वस्त कर देगा। सिंगापुर शिखर वार्ता के कुछ दिन बाद उत्तर कोरिया ने अपने एक परमाणु परीक्षण स्थल को नष्ट भी किया था। तब यह कयास लगाया गया था कि अब उत्तर कोरिया दुनिया के सामने खुद को परिपक्व और जिम्मेदार परमाणु शक्ति संपन्न देश के रूप में रखना चाहता है।
North Korea restores part of nuclear missile test site amid reports of slow progress on denuclearisation front of Korean peninsula
Read @ANI Story | https://t.co/SspFFnZtU0 pic.twitter.com/RWme7o5T77
— ANI Digital (@ani_digital) March 6, 2019
दोनों देशों के बीच साझा घोषणापत्र पर हस्ताक्षर करने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने जोंग उन को अपने देश में सभी परमाणु परीक्षण स्थलों को नष्ट करने की बात कही थी। इस पर किम ने हामी भी भरी थी, लेकिन इसका कोई लिखित दस्तावेज नहीं था। इस सिंगापुर शिखर वार्ता के बाद अमेरिकन जासूसी सेटेलाइट की तस्वीरों से यह प्रमाणित हो गया था कि उत्तर काेरिया अपने मिसाइल कार्यक्रम को आगे बढ़ा रहा है। हालांकि, उस वक्त अमेरिका में घरेलू स्तर पर राष्ट्रपति की निंदा हुई थी कि ट्रंप ने जोंग उन से परमाणु हथियार खत्म करने के लिए कोई ठोस वादा के बिना ही उन्हें ढील दी है।
यूएन ने भी माना अपने मिसाइल कार्यक्रम को आगे बढ़ा रहे हैं जोंग
हाल ही में संयुक्त राष्ट्र ने भी माना कि उत्तर कोरिया अपने मिसाइल कार्यक्रम को आगे बढ़ा रहा है। यूएन की यह रिपोर्ट उस समय आई थी जब ट्रंप ने यह कहा था कि उत्तर कोरिया निरस्त्रीकरण की दिशा में अागे बढ़ रहा है। ट्रंप लगातार यह कह रहे थे कि किम जोंग एक समझदार नेता हैं। वह किसी हाल में परमाणु कार्यक्रम को आगे नहीं बढ़ाएंगे। ट्रंप के बयान पर अमेरिकी विपक्ष ने अमेरिकी राष्ट्रपति को उत्तर कोरियाई रियायत पर सावधान किया था। इतना ही अमेरिकी विशेषज्ञों ने भी उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग की नियत पर सवाल उठा चुके हैं।
प्योगयांग का परमाणु परीक्षण केंद्र
दरअसल, उत्तर कोरिया अपने मिसाइल कार्यक्रम का संचालन उत्तर पूर्वी पहाड़ी क्षेत्र प्योगयांग से करता है। यह उसका परीक्षण केंद्र है। दुनिया की आंख में धूल झोंकने के लिए उसने यहां मैंटप पहाड़ो के नीचे एक बड़ी सुरंग बना रखी है। वर्ष 2006 से यहां आधा दर्जन परमाणु परीक्षण किए जा चुके हैं। कहा जाता है कि परमाणु परीक्षणों के कारण यह जगह आशिंक रूप से ध्वस्त हो चुकी है।