नाइजीरिया में 66 लोगों की हत्या, मतदान के कुछ घंटे पहले राष्ट्रपति चुनाव स्थगित
इस हमले में 22 बच्चों और 12 महिलाओं की भी मौत हुई है। इस बीच नाइजीरिया में राष्ट्रपति और संसदीय चुनाव को एक सप्ताह के लिए स्थगित कर दिया गया है।
अबुजा [ एजेंसी ]। नाइजीरिया के कडुना राज्य में राष्ट्रपति चुनाव की पूर्व संध्या पर अज्ञात बंदूकधारियों ने लगभग 66 लोगों की हत्या कर दी। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, राज्य सरकार के प्रवक्ता सैमुएल अरुवान ने एक बयान में कहा कि आठ स्थानों पर हमला किया गया। इस हमले में 22 बच्चों और 12 महिलाओं की भी मौत हुई है। इस बीच नाइजीरिया में राष्ट्रपति और संसदीय चुनाव को एक सप्ताह के लिए स्थगित कर दिया गया है। यहां के स्वतंत्र राष्ट्रीय चुनाव आयोग (आइएनइसी) ने मतदान के कुछ घंटे पहले चुनाव को टालने का फैसला लिया। बता दें नाइजीरिया में राष्ट्रपति के साथ प्रतिनिधि सभा के लिए चुनाव होने थे। इसमें निचले सदन की 360 सीटों और सीनेट में 109 सीटों के लिए चुनाव होने थे।
अरुवान ने कहा कि हिंसा का कारण स्पष्ट नहीं है और प्रभावित स्थानों पर कुछ सुरक्षा दस्ते तैनात कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में कुछ संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। प्रवक्ता ने क्षेत्र के सामुदायिक, पारंपरिक और धार्मिक नेताओं से स्थानीय निवासियों को किसी भी प्रतिरोधी हिंसा से दूर रहने और इस मामले को सुरक्षा और प्रशासनिक समितियों को संभालने के लिए प्रेरित करने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच की जा रही है और निवासियों को आश्वस्त किया गया है कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बतादें कि 22 जनवरी को नाइजीरिया सरकार ने आरोप लगाया था कि देश में आगामी आम चुनावों से पहले सुरक्षा खतरा है और देश के नागरिकों को चुनाव से पहले, चुनाव के दौरान और बाद में सतर्क रहने के लिए सचेत किया था।