न्यूजीलैंड की सबसे युवा प्रधानमंत्री जेसिंडा एर्डर्न ने बेटी को दिया जन्म
जेसिंडा पद पर रहते हुए बच्चे को जन्म देने वालीं विश्व की दूसरी प्रधानमंत्री हैं। वर्ष 1990 में बेनजीर भुट्टो ने पाकिस्तान की प्रधानमंत्री रहते हुए बेटी को जन्म दिया था।
वेलिंगटन, रायटर। न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जेसिंडा एर्डर्न ने गुरुवार को ऑकलैंड अस्पताल में बेटी को जन्म दिया। उन्होंने सोशल साइट इंस्टाग्राम पर बेटी और अपने साथी क्लार्क गेफोर्ड के साथ अपनी तस्वीर साझा की है। जेसिंडा पद पर रहते हुए बच्चे को जन्म देने वालीं विश्व की दूसरी प्रधानमंत्री हैं। वर्ष 1990 में बेनजीर भुट्टो ने पाकिस्तान की प्रधानमंत्री रहते हुए बेटी को जन्म दिया था।
न्यूजीलैंड की सबसे युवा प्रधानमंत्री जेसिंडा (37) प्रसव के बाद छह हफ्ते की छुट्टी पर जा रही हैं। प्रधानमंत्री बनने से छह दिन पहले ही जेसिंडा को अपने गर्भवती होने की जानकारी हुई थी। उन्होंने गर्भावस्था के आखिरी दिनों में भी काम किया। इस दौरान जनता ने उनका पूरा सहयोग किया। कई लोगों ने उन्हें और उनके आने वाले बच्चे के लिए तोहफे भी दिए। न्यूजीलैंड विश्व के सबसे प्रगतिशील देशों में शामिल है। 1893 में ही यहां की महिलाओं को मतदान का हक मिल गया था। जेसिंडा देश की तीसरी महिला प्रधानमंत्री हैं। उनकी अनुपस्थिति में उप प्रधानमंत्री विंस्टन पीटर्स कार्यवाहक प्रधानमंत्री होंगे।