विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

FATF का नया अलर्ट, गेमिंग-जुए के जरिए मनी लांड्रिंग का खतरा बढ़ा

Published: Fri, 11 Sep 2026 07:11 AM (IST)

फाइनेंशियल एक्शन टास्क फोर्स (एफएटीएफ) ने देशों को इस खतरे को लेकर वैश्विक अलर्ट जारी किया है। संगठन ने गेमिंग ...और पढ़ें

FATF का नया अलर्ट, गेमिंग-जुए के जरिए मनी लांड्रिंग का खतरा बढ़ा (फोटो- एक्स)

FATF का नया अलर्ट, गेमिंग-जुए के जरिए मनी लांड्रिंग का खतरा बढ़ा (फोटो- एक्स)

HighLights

  1. बिना जुआ खेले पैसे का लेन-देन, छोटे-छोटे ट्रांजेक्शन और मैच फिक्सिंग से जुड़े दांव पर नजर

  2. ऑनलाइन और सीमा-पार प्लेटफार्म पर नकद, ई-वॉलेट, मोबाइल मनी और वर्चुअल एसेट से बढ़ा खतरा

एएनआई, पेरिस। ऑनलाइन गेमिंग और जुए के बढ़ते कारोबार के साथ इनके जरिए काले धन को सफेद करने और धोखाधड़ी करने का खतरा भी बढ़ रहा है।

फाइनेंशियल एक्शन टास्क फोर्स (एफएटीएफ) ने देशों को इस खतरे को लेकर वैश्विक अलर्ट जारी किया है। संगठन ने गेमिंग और जुए के क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की पहचान के लिए नए जोखिम संकेतक भी जारी किए हैं।

एफएटीएफ के अनुसार, अपराधी कई तरीकों से जुए के प्लेटफार्म का दुरुपयोग कर सकते हैं। इनमें वास्तव में जुआ खेले बिना प्लेटफार्म के जरिए पैसे इधर-उधर करना, पहचान से बचने के लिए बड़ी रकम को कई छोटे लेन-देन में बांटना और मैच फिक्सिंग जैसे आयोजनों पर असामान्य रूप से बड़े या एक साथ कई दांव लगाना शामिल है।

गैरकानूनी जुआ बड़ा खतरा

एफएटीएफ ने 80 से अधिक देशों और क्षेत्रों के साथ उद्योग संगठनों और शोधकर्ताओं के इनपुट के आधार पर एक साल तक कैसीनो, जुए और वीडियो गेमिंग से जुड़े वित्तीय अपराधों के जोखिमों का अध्ययन किया। यह ऑनलाइन और गैरकानूनी जुए से जुड़े जोखिमों की संगठन की पहली विस्तृत जांच भी है।

अध्ययन में गैरकानूनी जुए को सबसे बड़े जोखिमों में शामिल किया गया है। कई देशों में इसका बाजार कानूनी जुए के बाजार के बराबर या उससे भी बड़ा है।

गैरकानूनी और बिना लाइसेंस वाले विदेशी ऑपरेटर खुद को वैध कारोबार के रूप में पेश कर सकते हैं और ऐसी गुमनामी तथा प्रोत्साहन दे सकते हैं, जो अपराधियों को आकर्षित करते हैं।

तकनीक ने इस खतरे को और जटिल बना दिया है। ऑनलाइन और सीमा-पार प्लेटफार्म पर नकद, ई-वालेट, मोबाइल मनी और वर्चुअल एसेट जैसे अलग-अलग भुगतान माध्यम इस्तेमाल होते हैं। इससे अपराधियों को औपचारिक वित्तीय व्यवस्था तक पहुंचने के कई रास्ते मिल सकते हैं।

असली मालिक की पहचान छिपाने की कोशिश

एफएटीएफ ने कहा कि इंटरनेट मीडिया, डिजिटल मार्केटप्लेस और साफ्टवेयर कंपनियों जैसी सेवाएं भी गेमिंग और जुए के कारोबार से जुड़ी हैं। इनमें से कुछ मौजूदा नियामकीय दायरे से बाहर हो सकती हैं। अलग-अलग देशों के नियमों में अंतर का फायदा भी अपराधी उठा सकते हैं।

संगठन ने यह भी चेताया कि कंपनियों के मालिकाना हक और शेयरधारिता का ढांचा इस तरह बनाया जा सकता है कि असली मालिक की पहचान छिपी रहे। कमजोर एंटी-मनी लांड्रिंग और भ्रष्टाचार-रोधी व्यवस्था वाले क्षेत्रों में यह खतरा ज्यादा हो सकता है। ऑनलाइन जुए में संगठित अपराधियों की घुसपैठ का जोखिम भी बढ़ रहा है।

एफएटीएफ के नए संकेतकों में कई खातों और भुगतान माध्यमों का इस्तेमाल, ग्राहक और भुगतान संबंधी जानकारी में गड़बड़ी, संदिग्ध पहचान दस्तावेज, अपराध से जुड़े संचालक या असली मालिक, असामान्य सट्टेबाजी और लेन-देन तथा जटिल मालिकाना ढांचे जैसे संकेत शामिल हैं। इनका उद्देश्य सरकारों, नियामकों और कंपनियों को संदिग्ध गतिविधियों की पहचान और रोकथाम में मदद करना है।