नेपाल में हिमलुंग हिमाल बेस कैंप पर आया एवलांच, चेतावनी के बावजूद रुके हुए थे लोग; 10 लापता
पश्चिमी नेपाल के हिमलुंग हिमाल बेस कैंप में रविवार सुबह आए बर्फीले तूफान में कम से कम 10 लोग लापता ...और पढ़ें

हिमलुंग हिमाल हिमस्खलन।
HighLights
पश्चिमी नेपाल के हिमलुंग हिमाल बेस कैंप में बर्फीला तूफान आया।
इस भीषण प्राकृतिक आपदा में कम से कम 10 लोग लापता हुए।
खराब मौसम की चेतावनी के बावजूद कुछ पर्वतारोही वहीं रुके थे।
डिजिटल डेस्क, काठमांडू। नेपाल इन दिनों प्राकृतिक के सबसे बड़े आपदाओं से घिरा है। पड़ोसी देश में लगातार मौसम के बदलते तेवर तबाही मचा रहे हैं। इसी बीच पश्चिमी नेपाल के तिब्बत सीमा से लगे प्रसिद्ध हिमलुंग हिमाल बेस कैंप पर रविवार सुबह एक भयानक बर्फीला तूफान आ गया। इस भीषण प्राकृतिक आपदा की चपेट में आने से कम से कम 10 लोगों के लापता होने की पुष्टि हुई है।
बता दें कि एक्सपीडिशन (पर्वतारोहण अभियान) के आयोजक मिंगमा ग्याल्जे शेर्पा ने पुष्टि की है कि इस हादसे में लापता हुए लोगों में उनके कैंप के दो रसोई स्टाफ भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि यह बर्फीला तूफान रविवार सुबह अचानक आ गया।
चेतावनी के बाद भी नहीं लौटे लोग
मौसम विभाग की तरफ से पिछले हफ्ते ही खराब मौसम की चेतावनी जारी कर दी गई थी, जिसके बाद अधिकांश पर्वतारोहण टीमों और रोट-फिक्सिंग टीमों ने ढलानों से सुरक्षित नीचे उतरना शुरू कर दिया था। हालांकि, कुछ लोग इसके बावजूद वहीं रुके हुए थे।
अहम बात यह है कि पिछले कई दिनों से इस पहाड़ी क्षेत्र में लगातार भारी बर्फबारी हो रही थी, जिसके कारण पर्वतारोहियों को ऑटम सीजन की अपनी चढ़ाई बीच में ही रोककर वापस लौटना पड़ रहा था। लापता हुए लोग अलग-अलग एक्सपीडिशन कंपनियों से जुड़े हुए हैं।
बचाव कार्य में आ रही परेशानी
इस बात को ऐसे समझा जा सकता है कि मनांग जिले में स्थित 7126 मीटर ऊंचा हिमलुंग हिमाल पर्वतारोहियों के बीच हाई-एल्टीट्यूड का अनुभव प्राप्त करने के लिए बेहद लोकप्रिय है। लेकिन इस चोटी तक पहुंचने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, क्योंकि यहां हेलीकॉप्टर उड़ानों के लिए एक अतिरिक्त परमिट की आवश्यकता होती है, जिससे बचाव कार्यों में भी रुकावटें आ रही हैं।
पूरे देश में खराब मौसम का कहर
गौरतलब है कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने एक वेदर सिस्टम के कारण नेपाल के पहाड़ों पर भारी बर्फबारी और पहाड़ियों व मैदानी इलाकों में लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है। शुक्रवार से ही नेपाल में मौसम बेहद खराब है, जिससे सड़कें टूट गई हैं और स्थानीय प्रशासन को कई रास्तों को यातायात के लिए पूरी तरह बंद करना पड़ा है।
ऐसे में बगड़ते हालात को देखते हुए पर्यटन अधिकारियों ने ट्रेकर्स और पर्वतारोहियों को सभी गतिविधियां तुरंत स्थगित करने की सख्त सलाह दी है। पर्यटन विभाग ने भी एक अलर्ट जारी कर चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिनों तक पर्यटन से जुड़ी गतिविधियों को रोक दिया जाए।
