विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नेपाल त्रासदी: चिलिमे सुरंग से 70 मीटर तक हटाया गया मलबा, 6 कर्मचारियों के फंसे होने की आशंका

Published: Sun, 13 Sep 2026 08:28 PM (IST)

नेपाल में 26 अगस्त को आई बाढ़ के कारण चिलिमे पनविद्युत परियोजना की सुरंग में फंसे छह कर्मचारियों को बचाने ...और पढ़ें

चिलिमे सुरंग से 70 मीटर तक हटाया गया मलबा (फोटो- सोशल मीडिया)

चिलिमे सुरंग से 70 मीटर तक हटाया गया मलबा (फोटो- सोशल मीडिया)

HighLights

  1. चिलिमे पनविद्युत परियोजना में छह कर्मचारी फंसे होने की आशंका

  2. भारतीय-नेपाली टीमों ने सुरंग से 70 मीटर मलबा हटाया

  3. भारत ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में बेली पुल की खेप भेजी

पीटीआई, नुवाकोट। नेपाल में 26 अगस्त को अचानक आई बाढ़ के कारण चिलिमे पनविद्युत परियोजना में बचाव अभियान जारी है, जहां छह कर्मचारियों के एक सुरंग में फंसे होने की आशंका है।

भारतीय और नेपाली टीमें भारी मशीनों का इस्तेमाल करके मिट्टी और मलबा हटा रही हैं और जमीन के नीचे बने बिजलीघर की ओर बढ़ रही हैं। भारतीय-नेपाली दल अब तक 70 मीटर तक का मलबा हटा चुके हैं।

नेपाल में भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने शनिवार को बताया कि सुरंग में जारी बचाव कार्य में मिट्टी खोदने वाली मशीन और मलबा उठाने वाली मशीन की मदद ली जा रही है जिससे अभियान को गति मिली है।

परियोजना प्रबंधक के मुताबिक, बिजलीघर सुरंग में और 60 मीटर की गहराई में है। नवीन श्रीवास्तव ने कहा कि बचाव दल वहां तक पहुंचने के लिए रात भर काम करते रहे। अधिकारियों ने बताया कि सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने बचाव स्थल तक पहुंचने के लिए सड़क भी तैयार कर ली है।

इस बात की पुष्टि नहीं हुई है कि चिलिमे में फंसे छह कर्मचारी जीवित हैं या उनसे संपर्क हो गया है। माना जा रहा है कि बाढ़ प्रभावित इलाकों की जल विद्युत परियोजनाओं से जुड़ी एक दर्जन सुरंगों में लगभग 100 लोग फंसे हुए हैं।

श्रीवास्तव ने यह भी बताया कि भारत ने बाढ़ प्रभावित बेत्रावती क्षेत्र में संपर्क बहाल करने में मदद के लिए 70 मीटर लंबे बेली पुल के हिस्सों की पहली खेप नेपाल भेजी है। उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा कि पुल के अन्य हिस्सों की खेप भी आने वाले दिनों में नेपाल पहुंचेगी। बेली पुल पहले से तैयार अलग-अलग हिस्सों से बनाया जाने वाला एक अस्थायी इस्पात पुल होता है।

पुनर्निर्माण के लिए 4.7 अरब डालर की जरूरत

एक सरकारी आकलन के अनुसार नेपाल में अचानक बाढ़ के बाद रिकवरी और पुनर्निर्माण के लिए अनुमानित 4.7 अरब डालर की ज़रूरत है। 'रैपिड डैमेज एंड नीड्स असेसमेंट' (आरडीएनए) में कुल नुकसान का अनुमान लगभग 2.7 अरब डालर लगाया गया है, जिसमें भौतिक नुकसान 1.81 अरब डालर और आर्थिक नुकसान 88.33 करोड़ डालर है।

मरने वालों की संख्या 1388 हुई

नेपाल में बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 1388 हो गई है। बरामद शवों में से अब तक केवल 104 की पहचान हो पाई है और उन्हें उनके परिवारों को सौंपा गया है। लापता लोगों की अनुमानित संख्या 5130 है। जबकि अब तक 13,728 लोगों को बचाया जा चुका है।