अमेरिका-ईरान तनाव पर रूहानी और मैक्रों ने की बात
परमाणु समझौते में ईरान और अमेरिका के साथ फ्रांस रूस ब्रिटेन चीन व जर्मनी भी शामिल थे। ये सभी देश किसी भी हाल में समझौता जारी रखना चाहते हैं।
पेरिस, एएफपी। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों ने मंगलवार को यहां अपने ईरानी समकक्ष हसन रूहानी से बात की। फ्रांस के राष्ट्रपति भवन के अनुसार, बातचीत का मुख्य मुद्दा अमेरिका और ईरान के बीच चल रहा तनाव था। इस दौरान मैक्रों ने दोनों देशों के बीच महीनों से चल रहे विवाद को खत्म करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा, सभी पक्षों में खुली बातचीत सुनिश्चित कराने के लिए हर संभव प्रयास करना फ्रांस की जिम्मेदारी है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 2015 में हुए ईरान परमाणु समझौते से पिछले साल अमेरिका को अलग कर लिया था। इसके बाद ईरान पर फिर से कई प्रतिबंध लगा दिए गए थे। तभी से दोनों देशों में तनातनी जारी है।
परमाणु समझौते में ईरान और अमेरिका के साथ फ्रांस, रूस, ब्रिटेन, चीन व जर्मनी भी शामिल थे। ये सभी देश किसी भी हाल में समझौता जारी रखना चाहते हैं। लेकिन ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव से इनकी मुश्किलें भी बढ़ रही हैं। अमेरिका और ईरान के संबंध सामान्य करने के लिए फ्रांस राजनयिक स्तर पर भी प्रयास कर रहा है।
बीते कुछ दिनों में मैक्रों के विदेशी सलाहकार इमैनुअल बोन ने दो बार ईरान की यात्रा की है। अगस्त में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भी मैक्रों से मुलाकात करने वाले हैं। इस बैठक में भी ईरान के मुद्दे पर चर्चा हो सकती है।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप