Sri Lanka Crisis: श्रीलंका में LIOC खोलेगी 50 नए पेट्रोल पंप, ईधन संकट से निपटने में भारतीय कंपनी करेगी सहयोग
एलआइओसी के प्रबंध निदेशक मनोज गुप्ता ने बताया कि कंपनी का श्रीलंका में ईधन आपूर्ति के क्षेत्र में छोटा हिस्सा है। कंपनी के यहां पहले से ही 216 ईधन स्टेशन हैं और यह दो अरब रुपये का और निवेश करने वाली है।
कोलंबो, एजेंसी। Sri Lanka Crisis : आर्थिक संकट के बीच श्रीलंका ने इंडियन आयल की सहयोगी कंपनी लंका इंडियन आयल कारपोरेशन (LIOC) को 50 नए पेट्रोल पंप खोलने की मंजूरी दे दी है। सोमवार को कंपनी के एक अधिकारी ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि श्रीलंका ने देश भर में खनिज तेल के संकट को देखते हुए यह निर्णय लिया है। यह जानकारी समाचार एजेंसी रायटर ने दी है।
भारी ईधन की कमी झेल रहा है श्रीलंका
श्रीलंका इस समय बीते 70 साल के सबसे खराब आर्थिक स्थिति का सामना कर रहा है। ईधन की भारी कमी के बीच वह विदेशी मुद्रा के अभाव में खाद्य पदार्थो व दवाओं जैसी आवश्यक वस्तुओं का आयात तक नहीं कर पा रहा है।
दो अरब रुपये का और निवेश करने वाली है LIOC
एलआइओसी के प्रबंध निदेशक मनोज गुप्ता ने बताया कि कंपनी का श्रीलंका में ईधन आपूर्ति के क्षेत्र में छोटा हिस्सा है। कंपनी के यहां पहले से ही 216 ईधन स्टेशन हैं और यह दो अरब रुपये का और निवेश करने वाली है। गुप्ता ने कहा कि एलआइओसी बहुत दिनों से श्रीलंका को चुनौतियों से उबारने के लिए बड़ी भूमिका में आने का प्रयास कर रही थी।
खराब अर्थव्यवस्था के बीच भारत ने श्रीलंका की कई बार की मदद
बता दें कि श्रीलंका में खराब अर्थव्यवस्था को उबारने में भारत शुरू से ही मदद कर रहा है। पिछले दिनों नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने ने भारत द्वारा दी गई मानवीय सहायता पीएम मोदी को धन्यवाद दिया। श्रीलंका में भारतीय उच्च दूतावास ने ट्विटर पर कहा कि द्वीप देश के पीएम ने पीएम मोदी के एक बधाई पत्र के जवाब में कहा कि दोनों देशों के बीच दोस्ती का संबंध और मजबूत होंगे। उन्होंने कहा कि भारत और श्रीलंका पिछले कुछ सालों में कई क्षेत्रों में पारस्परिक रूप से फायदेमंद साझेदारी के रूप में आगे बढ़े हैं।