विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ढाका में मृत मिले बांग्लादेश वायु सेना के पूर्व अधिकारी, शेख हसीना के भागने का बनाया था वीडियो

Published: Thu, 29 Oct 2026 05:43 PM (IST)

बांग्लादेश वायु सेना के पूर्व अधिकारी केएम तहसीफ सौरी का शव ढाका में एक नदी किनारे मिला, वे एक दिन पहले से लापता थे।

ढाका में मृत मिले पूर्व वायु सेना अधिकारी केएम तहसीफ सौरी (फोटो-सोशल मीडिया)

ढाका में मृत मिले पूर्व वायु सेना अधिकारी केएम तहसीफ सौरी (फोटो-सोशल मीडिया)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, ढाका। बांग्लादेश वायु सेना के पूर्व अधिकारी केएम तहसीफ सौरी का शव गुरुवार को ढाका में एक नदी किनारे मिला। 28 वर्षीय सौरी एक दिन पहले से लापता थे। स्थानीय समाचार पत्र डेली स्टार के अनुसार, सौरी ने 5 अगस्त 2024 को पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के बांग्लादेश छोड़कर जाने का वीडियो रिकॉर्ड किया था।

नेशनल इमरजेंसी हेल्पलाइन 999 पर मिली सूचना के आधार पर, रिवर पुलिस ने टोंगी बंदर घाट इलाके से सौरी का शव बरामद किया। शव के पास से उनका मोबाइल फोन और कलाई घड़ी बरामद हुई, जिससे उनकी पहचान की पुष्टि की जा सकी।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शहीद सुहरावर्दी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने घटना को लेकर जांच शुरू कर दी है।

असुरक्षित महसूस कर रहे थे सौरी

पुलिस ने बताया कि फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। हालांकि, डूबने का संदेह है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के सही कारण का पता चल सकेगा। वहीं सौरी के पिता केएम इनायतुल करीम हेलाल ने कहा कहना है कि बेटा खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा था।

उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं पता कि उनके बेटे की मौत के लिए कौन जिम्मेदार है। उनका कहना है कि सौरी ने कई बार अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई थी।

हेलाल ने कहा, तहसीफ कभी-कभी मुझसे कहता था कि वह थोड़ा घबराया हुआ है। लेकिन उसने कभी यह नहीं बताया कि उसे किस बात की चिंता है।

वायु सेना से किया गया था बर्खास्त

सौरी के पिता के अनुसार, सौरी को अनुशासनात्मक कारणों से वायु सेना से बर्खास्त कर दिया गया था। बाद में उन्होंने बांग्लादेश किक्रेट बोर्ड, नेत्रा न्यूज और हाल ही में वर्गो टोबैको में काम किया। उन्होंने बताया कि शाम होने से पहले, उनका एक जूनियर दोस्त उन्हें नीचे बुलाने आया था। इस पर उसने अपनी मां से कहा कि दोस्त आया है, मैं जाकर बात करता हूं। इसके बाद वह नीचे गया लेकिन कभी वापस नहीं लौटा।

हसीना के जाने से जुड़ा वीडियो

वीडियो रिकॉर्ड करने में सौरी की कथित भूमिका ने उनकी मौत की ओर सबका ध्यान खींचा है। 5 अगस्त 2024 को बड़े पैमाने पर हुए विरोध प्रदर्शनों के कारण शेख हसीना की सरकार गिर गई थी और वे ढाका से भाग गई थीं।

बरों के अनुसार, वह एक सैन्य हेलीकॉप्टर से रवाना हुईं और फिर बांग्लादेश वायु सेना के C-130J हरक्यूलिस विमान में सवार होकर गाजियाबाद स्थित भारत के हिंडन एयरबेस पहुंचीं।

हसीना भारत में निर्वासन में रह रही हैं और उन्होंने बांग्लादेश लौटने का संकल्प लिया है। हालांकि, पुलिस को सौरी की मौत और उसके द्वारा रिकॉर्ड किए गए वीडियो के बीच कोई संबंध नहीं मिला है।