जॉर्डन में चर्च पर हुए हमले के बाद बढ़ी चौकसी, भारत ने की निंदा
जॉर्डन में चर्च पर हुए जानलेवा हमले के बाद सुरक्षा बढ़ा दी गई है, जिसमें आठ लोगों की मौत हो गई और 40 घायल हो गए।

जॉर्डन में चर्च पर हुए हमले के बाद बढ़ी चौकसी। (रॉयटर्स)
HighLights
जॉर्डन में चर्च पर हमले के बाद सुरक्षा बढ़ाई गई।
हमले में आठ लोगों की मौत, 40 अन्य घायल हुए।
भारत ने हमले की निंदा कर आतंकवाद के खिलाफ संकल्प दोहराया।
डिजिटल डेस्क, हमौद। अम्मान में अमेरिकी दूतावास ने शनिवार को बताया कि जॉर्डन में चर्च पर जानलेवा हमले के बाद माल, विदेशी दूतावासों और अन्य जगहों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अधिकारी उन बंदूकधारियों की तलाश कर रहे हैं, जिन्होंने चर्च पर हमला कर आठ लोगों की जान ले ली और 40 अन्य को घायल कर दिया।
करक प्रांत में शुक्रवार को एक चर्च में अंतिम संस्कार के दौरान, हमलावरों ने दिन-दहाड़े कई मिनट तक गोलीबारी की। फिलहाल किसी ने भी हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। जॉर्डन में इस तरह के हमले बहुत कम होते हैं।
अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने हाल के वर्षों में इस्लामी चरमपंथियों की कई साजिशों को नाकाम किया है। वे अब भी हमलावरों की तलाश कर रहे हैं। अभी यह बताना जल्दबाजी होगी कि क्या हमलावरों का जॉर्डन के अंदर या बाहर के किसी ज्ञात समूह से कोई संबंध है।
भारत ने हमले की निंदा की
एएनआई के अनुसार, भारत ने जॉर्डन में चर्च पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है। हमले को जघन्य और कायरतापूर्ण कृत्य करार दिया। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने इस दुखद घटना पर गहरी संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
साथ ही कहा, भारत जॉर्डन की सरकार और वहां के लोगों के साथ मजबूती से खड़ा है। नई दिल्ली ने वैश्विक स्तर पर आतंकवाद से लड़ने के अपने दृढ़ संकल्प को दोहराया और आतंकवाद के खिलाफ जीरो टालरेंस की नीति को दोहराई।
(समाचार एजेंसी रॉयटर्स के इनपुट के साथ)
