इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में विस्फोट, दो सैन्यकर्मी घायल, जांच में जुटी पुलिस
इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में एक विस्फोट में दो सैन्यकर्मी घायल हो गए। यह विस्फोट एक ग्रेनेड के कारण हुआ।
जकार्ता, एजेंसी। इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में एक विस्फोट में दो सैन्यकर्मी घायल हो गए, यह विस्फोट स्मोक ग्रेनेड के कारण हुआ। पुलिस ने मंगलवार को कहा आतंकी साजिश से इंकार नहीं किया जा सकता है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर छानबीन शुरू कर दी है।
यह विस्फोट जकार्ता के केंद्र में स्थित गृह मंत्रालय के इमारत के समीप हुआ है। जकार्ता के पुलिस प्रमुख गैटोट एदी ने संवाददाताओं को कहा कि अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। हम मामले की जांच कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस विस्फोट में सेना के दो जवान घायल हुए हैं। एक हाथ में चोट लगी है दूसरे के पैर मे चोट आई है। दोनों घायल जवानों को सेना के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।