'लंबी स्कर्ट' पर टिप्पणी से इटली में मचा घमासान, महिला नेताओं ने मिनीस्कर्ट पहनकर किया विरोध
इटली के उप प्रधानमंत्री एंटोनियो ताजानी ने महिलाओं के पहनावे पर अपनी टिप्पणी को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया ...और पढ़ें
-1790332744372_m.webp)
इटली में 'लंबी स्कर्ट' टिप्पणी पर बवाल (फोटो- @lamalp )

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, रोम। इटली के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री एंटोनियो ताजानी के महिलाओं के पहनावे पर दिए गए बयान को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। ताजानी की इस टिप्पणी के बाद कि 'लंबी स्कर्ट पहनने वाली महिलाएं अधिक भरोसेमंद और बेहतर मां बनती हैं'।
इस बयान के जवाब में विपक्षी महिला नेताओं और सांसदों ने संसद से लेकर सोशल मीडिया तक जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। विवाद में चौतरफा घिरने के बाद विदेश मंत्री को अपने बयान के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी पड़ी है।
कैसे हुई विवाद की शुरुआत?
द इंडिपेंडेंट की रिपोर्ट के अनुसार, यह विवाद तब शुरू हुआ जब फोर्मेलो में एक राजनीतिक कार्यक्रम के दौरान ताजानी ने अपने बेटे को शादी के लिए सलाह देने का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भले ही एक ग्लैमरस महिला पहली नजर में आकर्षक लगे, लेकिन वे एक ऐसी महिला को पसंद करेंगे, जो कम दिखावटी लेकिन अधिक भरोसेमंद और गंभीर हो, एक अच्छी मां हो और वफादार रहे।
ताजानी ने कहा कि वे ऐसी महिला को प्राथमिकता देंगे जो गंभीर स्वभाव की हो, अच्छी मां बन सके और लंबी स्कर्ट पहनती हो। उन्होंने कपड़ों की लंबाई को वैवाहिक निष्ठा और पारिवारिक स्थिरता से जोड़ दिया।
अपने इस बयान के चलते इटली के विदेश मंत्री एंटोनियो ताजानी राजनीतिक आलोचना का शिकार हो गए। विरोधियों ने इस विचार पर सवाल उठाया कि कपड़ों को किसी महिला की विश्वसनीयता या पत्नी या मां के रूप में उसकी उपयुक्तता से कैसे जोड़ा जा सकता है।
सीनेट में मिनीस्कर्ट पहनकर अनोखा प्रदर्शन
मंत्री ताजानी के इस बयान के विरोध में विपक्षी दलों- डेमोक्रेटिक पार्टी, फाइव स्टार मूवमेंट, इटालिया विवा और ग्रीन्स एंड लेफ्ट अलायंस की महिला सीनेटर इटली की सीनेट में मिनीस्कर्ट पहनकर पहुंचीं। इटालिया विवा की सीनेटर राफेला पैटा ने इसे महिलाओं के पहनावे की स्वतंत्रता का प्रतीक बताया और कहा कि महिलाएं अपनी मर्जी के कपड़े पहनने के लिए पूरी तरह स्वतंत्र हैं।
सोशल मीडिया पर भी हो रही आलोचना
ट्यूरिन की पूर्व मेयर चियारा अपेंडिनो ने मिनीस्कर्ट में अपनी तस्वीर पोस्ट करते हुए ताजानी से पूछा, 'क्या मैं एक भरोसेमंद महिला या अच्छी मां नहीं हूं?' वहीं, ग्रीन्स एंड लेफ्ट अलायंस की प्रवक्ता फियोरेला जबाटा ने तंज कसते हुए कहा कि मंत्री जी विचारों के मामले में हजारों साल पीछे हैं।
उन्होंने आगे कहा, 'हम 2026 में किसी मंत्री को यह कहने की अनुमति नहीं दे सकते कि हमें लंबी स्कर्ट पहनने वाली और कम दिखावटी महिला से शादी करनी चाहिए।'
विदेश मंत्री ने मांगी माफी
चौतरफा घिरने और कई दिनों तक चले राजनीतिक बवाल के बाद विदेश मंत्री एंटोनियो ताजानी ने न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरान सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली। उन्होंने कहा कि उनका इरादा किसी भी महिला को ठेस पहुंचाने का नहीं था।
