इराक को आइएस से मुक्त कराने अल-कायम में घुसी सेना
करीब ढाई साल पहले आतंकी संगठन आइएस ने तेल उत्पादन के प्रमुख शहर दीयर अल-जोर पर कब्जा कर लिया था।
हब्बानिया, एएफपी/रायटर : इराक से इस्लामिक स्टेट (आइएस) को पूरी तरह से खदेड़ने के लिए शुक्रवार को सेना और आतंकवाद निरोधी बल के जवान उसके अंतिम गढ़ अल-कायम शहर में घुस गए। उम्मीद की जा रही है कि चंद रोज में ही इस शहर पर सरकारी सेना का कब्जा हो जाएगा।
ऐसा होने पर इराक तीन साल बाद भारी खूनखराबे के बाद आइएस से मुक्त हो सकेगा। इस बीच पड़ोसी देश सीरिया में सरकारी फौज ने दीयर अल-जोर शहर को भी आइएस के कब्जे से मुक्त करा लिया है।
करीब ढाई साल पहले आतंकी संगठन आइएस ने तेल उत्पादन के प्रमुख शहर दीयर अल-जोर पर कब्जा कर लिया था। यह शहर पूर्वी इलाके में सीरिया का सबसे बड़ा शहर है। उसे मुक्त कराने के लिए सरकारी सेना करीब डेढ़ महीने से संघर्ष छेड़े हुए थी। सरकारी सेना ने हाल के दिनों में अल-हमीदिया, शेख यासीन, अल-अरधी और अल-रशीदिया शहर भी आइएस से मुक्त कराए हैं।
सीरिया में आइएस से लड़ाई में सशस्त्र संगठन हिज्बुल्ला बशर अल-असद की सरकारी सेना का साथ दे रहा है। इस सैन्य गंठजोड़ को रूस, ईरान और शिया मिलीशिया का भी समर्थन हासिल है। यह गंठजोड़ अमेरिका समर्थित बशर अल-असद विरोधी सशस्त्र गुटों से भी टक्कर ले रहा है।
अमेरिका समर्थित गुटों ने ही अक्टूबर में सीरिया के एक अन्य प्रमुख शहर अलेप्पो को आइएस के कब्जे से मुक्त कराया था। अलेप्पो को आइएस ने सीरिया में अपनी राजधानी बनाया था।
यह भी पढ़ें: दलदल में घर बनाकर रहते हैं यहां के लोग, 5000 साल पुराना है इतिहास