अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के प्रमुख यूकिया अमानो का हुआ निधन
यूकिया अमानो को 2009 में अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी का महानिदेशक चुना गया था।
वियना, रायटर। अंतराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) के प्रमुख यूकिया अमानो का निधन हो गया है। 72 वर्षीय अमानो 2009 से संयुक्त राष्ट्र (UN) की इस परमाणु निगरानी एजेंसी के महानिदेशक थे।
एजेंसी सचिवालय ने उनकी मृत्यु पर दुख प्रकट करते हुए सोमवार को कहा, 'बहुत खेद के साथ सूचित करना पड़ रहा है कि IAEA के महानिदेशक युकिया अमानो अब नहीं रहें।'
एजेंसी का कहना है कि स्वास्थ्य संबंधी कारणों से वह जल्द ही अपना पद छोड़ने की तैयारी में थे। पिछले साल सिंतबर में अमानो की सर्जरी होने की जानकारी सामने आई थी। लेकिन इसका कारण स्पष्ट नहीं किया गया था। अमानो 2005 से ही IAEA में जापान का प्रतिनिधित्व कर रहे थे।
जुलाई, 2009 में उन्हें एजेंसी का महानिदेशक चुना गया था। उनका तीसरा कार्यकाल नवंबर, 2021 में खत्म होना था। निरस्त्रीकरण और परमाणु संबंधित कई मुद्दों के विशेषज्ञ अमानो ने ईरान के साथ परमाणु समझौते में भी अहम भूमिका निभाई थी।
टोक्यो यूनिवर्सिटी से पढ़े अमानो को 1972 में जापान के विदेश मंत्रालय में नियुक्त किया गया था। विदेश मंत्रालय के अधिकारी के तौर पर उन्होंने फ्रांस, अमेरिका और स्विटजरलैंड समेत कई देशों में काम किया।