विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नेपाल बाढ़ के बाद इंफोसिस पब्लिक सर्विसेज के CEO लक्स गोपीसेट्टी लापता, तलाश में जुटीं एजेंसियां

Published: Sat, 29 Aug 2026 02:23 PM (IST)

नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बाद राहत और बचाव कार्य तेज हो गए हैं, जिसमें इंफोसिस पब्लिक सर्विसेज के सीईओ लक्स गोपीसेट्टी लापता बताए जा रहे हैं।

नेपाल बाढ़ में इंफोसिस पब्लिक सर्विसेज के सीईओ लक्स गोपीसेट्टी लापता

नेपाल बाढ़ में इंफोसिस पब्लिक सर्विसेज के सीईओ लक्स गोपीसेट्टी लापता

HighLights

  1. इंफोसिस पब्लिक सर्विसेज के सीईओ लक्स गोपीसेट्टी नेपाल में लापता।

  2. कंपनी और स्थानीय एजेंसियां उनकी तलाश में जुटीं।

  3. भारत सरकार भी बाढ़ प्रभावित भारतीयों की मदद कर रही है।

डिजिटल डेस्क, काठमांडू। नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बाद प्राकृतिक आपदा के बाद राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए गए हैं। इस तबाही के कारण सैकड़ों लोग प्रभावित हुए हैं, जिनमें भारतीय नागरिक भी बड़ी संख्या में शामिल हैं।

लापता भारतीयों में भारतीय आईटी कंपनी इंफोसिस की सहायक कंपनी इंफोसिस पब्लिक सर्विसेस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) लक्स गोपीसेट्टी भी शामिल हैं।

गोपीसेट्टी की सुरक्षा को लेकर चिंता

इंफोसिस ने एक आधिकारिक बयान जारी कर पुष्टि की है कि लक्स गोपीसेट्टी नेपाल के व्यक्तिगत या व्यावसायिक दौरे पर गए थे और बाढ़ के बाद से ही उनसे कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है।

कंपनी ने कहा कि हमारी पहली प्राथमिकता गोपीसेट्टी से तुरंत संपर्क साधना और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना है। हमारी टीम स्थानीय एजेंसियों के साथ मिलकर लगातार जानकारी जुटा रही है।

हम उनके परिवार के साथ निरंतर संपर्क में हैं और इस कठिन समय में उन्हें हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है। इंफोसिस ने इस भयावह त्रासदी में हुए जान-माल के नुकसान पर गहरा दुख भी जताया है।

कौन हैं लक्स गोपीसेट्टी?

लक्स गोपीसेट्टी इंफोसिस पब्लिक सर्विसेज के CEO हैं, जहां वे अमेरिका और कनाडा में सार्वजनिक क्षेत्रों के रणनीतिक विकास, तकनीक और ऑपरेशंस का नेतृत्व करते हैं।

इससे पहले वे इंफोसिस में ग्लोबल वाइस प्रेसिडेंट थे। इंफोसिस से जुड़ने से पहले वे एक्सेंचर में मैनेजिंग डायरेक्टर के पद पर कार्यरत थे, जहां उन्होंने उत्तरी अमेरिका में हेल्थ एंड पब्लिक सर्विस बिजनेस का नेतृत्व किया।

इसके अलावा वे IBM, PwC, HCL और BearingPoint जैसी दिग्गज कंपनियों में भी वरिष्ठ पदों पर रह चुके हैं।

रेस्क्यू ऑपरेशन और भारत सरकार का कदम

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने स्थिति पर जानकारी देते हुए कहा कि भारत सरकार काठमांडू प्रशासन के साथ मिलकर लगातार काम कर रही है। राहत की बात यह है कि चीन की सीमा में फंसे 153 भारतीय सुरक्षित नेपाल पहुंच चुके हैं।

मंत्रालय के अनुसार, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से सुरक्षित निकाले गए 21 भारतीय नागरिक काठमांडू के रास्ते शुक्रवार को नई दिल्ली लौट आए हैं। फिलहाल राहत एजेंसियां लापता 320 लोगों का पता लगाने के लिए व्यापक अभियान चला रही हैं।