ऑस्ट्रेलिया में भी भारतीय पेशेवरों का दबदबा!
दक्ष पेशेवर के वीजा प्राप्त भारतीयों में से सर्वाधिक 2,34,395 लोग ऑस्ट्रेलिया की कंपनियों में बड़े पदों पर हैं।
मेलबर्न (प्रेट्र)। सन् 2000 से 2016 के बीच करीब तीन लाख भारतीय ऑस्ट्रेलिया में दक्ष पेशेवर का वीजा प्राप्त कर वहां बस गए हैं। यह खास तरह का वीजा पाने वालों में सर्वाधिक भारतीय हैं। यह सरकारी आंकड़ा तब सामने आया है, जब ऑस्ट्रेलिया में वहां के मूलवासियों के बीच यह बहस चल निकली है कि विदेशी लोग तेजी से नौकरियों पर कब्जा कर रहे हैं।
बड़े शहरों में भीड़भाड़ बढ़ रही है, जिससे वहां की जनसुविधाएं नाकाफी साबित हो रही हैं। ऑस्ट्रेलिया सरकार के आंकड़ों के अनुसार सन 2000 से 2016 के बीच 2,91,916 भारतीय लोग दक्ष पेशेवर के वीजा पर ऑस्ट्रेलिया आए। इनमें से 1,54,012 लोगों ने अभी तक ऑस्ट्रेलिया की नागरिकता प्राप्त कर ली है। सरकार ने ये आंकड़े बुधवार को जारी किए हैं।
दक्ष पेशेवर के वीजा प्राप्त भारतीयों में से सर्वाधिक 2,34,395 लोग ऑस्ट्रेलिया की कंपनियों में बड़े पदों पर हैं, जबकि 1,60,558 ब्रिटिश अप्रवासी दूसरे और 1,46,842 चीनी लोग तीसरे स्थान पर हैं। जबकि फैमिली वीजा प्राप्त करने वालों में चीनी लोग पहले स्थान पर, ब्रिटिश दूसरे और भारतीय तीसरे स्थान पर हैं। ऑस्ट्रेलिया में मानवीय सहायता या इलाज के लिए पहुंचे कुल 45,816 विदेशियों में केवल 1,097 भारतीय हैं।