नेल्सन मंडेला की 100वीं जयंती पर ओबामा को याद आए महात्मा गांधी
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने नेल्सन मंडेला की सौवीं जयंती के मौके पर महात्मा गांधी का आह्वान किया।
जोहान्सबर्ग (प्रेट्र)। महात्मा गांधी से प्रभावित अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने नस्लभेद विरोधी नेता नेल्सन मंडेला की 100वीं जयंती के अवसर पर अपने जोशीले संबोधन में गांधी जी और मार्टिन लूथर किंग को भी याद किया। इस अवसर पर ओबामा ने दुनिया भर के लोगों से मानवाधिकारों का सम्मान करने का आग्रह किया।
दक्षिण अफ्रीका के पहले अश्वेत राष्ट्रपति नेल्सन मंडेला ने समाज के उस वर्ग के लिए लड़ाई लड़ी, जो उपेक्षित था। पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की मानें तो वह अपनी जिंदगी में मंडेला की कहीं हुई बातों को उतारने की कोशिश हर पल करते रहते हैं।
जोहान्सबर्ग में 15,000 लोगों की भीड़ को ओबामा ने संबोधित किया। 2017 में व्हाइटहाउस छोड़ने के बाद से सार्वजनिक तौर पर ओबामा काफी कम नजर आते हैं लेकिन मंडेला को उन्होंने अपनी जिंदगी के लिए सबसे बड़ी प्रेरणा के तौर पर बताया है। साथ ही 2009 में अमेरिका के पहले अश्वेत राष्ट्रपति के तौर पर इतिहास रचने वाले ओबामा ने हमेशा अपने जीवन पर मंडेला व महात्मा गांधी का प्रभाव बताया है। मंडेला का निधन 2013 में हुआ था। 18 जुलाई को ओबामा जोहान्सबर्ग में 200 युवा नेताओं को टाउन हॉल इवेंट में संबोधित करेंगे।
ओबामा ने अपने संबोधन में कहा, ‘मैं महात्मा गांधी और मार्टिन लूथर किंग किंग के साथ अब्राहम लिंकन द्वारा बताए गए द्रष्टव्यों को मानता हूं। उन्होंने कहा कि मंडेला ने लोकतंत्र, विविधता और सहिष्णुता सहित अन्य क्षेत्रों में काम किया। उन्होंने लोगों से एकजुट होकर इन विचारों को जीवित रखने का आग्रह किया। ओबामा ने आज के समय को ‘अजीब और अनिश्चित’ बताते हुए अपने भाषण की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि हर दिन सिर चकरा देने वाली और परेशान कर देने वाली सुर्खियां देखने को मिलती हैं।