विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'दिन-रात काम करवाया, टॉर्चर किया', ओमान में फंसी हैदराबाद की महिला; दूतावास से मांगी मदद

Published: Sun, 19 Jul 2026 02:34 PM (IST)

हैदराबाद की शबनम बेगम ओमान में घरेलू नौकरानी के रूप में शोषण का शिकार हुई, जहां उसे 15 घंटे काम करने, पीटने और वेतन-भोजन से वंचित रखा गया।

ओमान में फंसी हैदराबाद की शबनम बेगम

ओमान में फंसी हैदराबाद की शबनम बेगम

HighLights

  1. हैदराबाद की शबनम ओमान में घरेलू नौकरानी के रूप में प्रताड़ित हुई

  2. उसे 15 घंटे काम, वेतन-भोजन से वंचित रखा गया, पीटा भी

  3. भारतीय दूतावास पहुंची, परिवार ने विदेश मंत्री से वापसी की अपील

डिजिटल डेस्क, हैदराबाद। भारतीय महिला शबनम बेगम ओमान के मस्कट में घरेलू नौकरानी के रूप में काम करने गई थी, लेकिन वहां उसे नौकरानी की नौकरी का झांसा देकर गंभीर प्रताड़ना का शिकार बनाया गया।

शबनम का आरोप है कि उन्हें वहां रोजाना कम से कम 15 घंटे (दिन-रात) काम करने पर मजबूर किया गया, पीटा गया और तीन महीने से अधिक समय तक वेतन और भोजन से वंचित रखा गया।

शबनम तेलंगाना के हैदराबाद की रहने वाली हैं। उन्होंने हैदराबाद के राजनेता, मजलिस बचाओ तहरीक के अमजद उल्लाह खान को भेजे गए एक भावुक वीडियो में कहा, " मुझे डेढ़ महीने तक मोबाइल फोन भी नहीं दिया, और तीन महीने से बिना वेतन दिए काम करवा रहे हैं।"

26 मार्च को गई थी ओमान

शबनम बेगम ने राजनेता को भेजे गए अपने द्वारा रिकॉर्ड किए गए वीडियो में कहा कि एक स्थानीय भर्ती एजेंट द्वारा घरेलू नौकरानी की नौकरी दिलाने के वादे के बाद वह 26 मार्च को ओमान गई थी। यहां मुझे यातना दी गई, पीटा गया और बिना उचित भोजन दिए रखा गया।

मजलिस बचाओ तहरीक ने की कार्रवाई की मांग

वहीं इस मामले को लेकर नेता अमजेद उल्लाह ने बताया कि शबनम को मस्कट में घरेलू नौकरानी के रूप में काम करने के लिए फुसलाया गया था, जहां उन्हें प्रति माह 200 ओमानी रियाल (लगभग 50,000 रुपये) का वेतन मिलता था। उन्होंने शबनम को सुरक्षित वापस लाने के साथ-साथ यह भी मांग की कि झूठे वादों के तहत उसे भेजनेॉ के लिए जिम्मेदार भर्ती एजेंट के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।

भारतीय दूतावास ने शुरू की कार्रवाई

यह दुर्व्यवहार सहन न कर पाने के बाद शबनम किसी तरह नियोक्ता के चंगुल से भागकर मस्कट स्थित भारतीय दूतावास पहुंची। महिला ने बताया कि उनका पासपोर्ट एजेंट ले गया है। जिसके बाद दूतावास ने मामले का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है।

शबनम की फैमिली ने विदेश मंत्री एस जयशंकर से अनुरोध किया है कि वे मस्कट स्थित भारतीय दूतावास को उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने और उन्हें तत्काल हैदराबाद वापस लाने की व्यवस्था करने का निर्देश दें। इसके बाद दूतावास ने उनके पोस्ट का जवाब देते हुए कहा कि उसने मामले का संज्ञान लिया है।