हांगकांग उपचुनाव में लोकतंत्र समर्थक नेताओं का भविष्य दांव पर
लोकतंत्र समर्थक महिला उम्मीदवार एग्नेस चाउ के चुनाव लड़ने पर चीन ने पहले ही पाबंदी लगा दी थी।
हांगकांग (एएफपी)। हांगकांग में रविवार को चार सीटों पर हुए चुनाव में लोकतंत्र समर्थक नेताओं का भविष्य दांव पर लगा है। चीन की ओर से मुश्किलों का सामना कर रहे लोकतंत्र समर्थकों को हांगकांग की जनता का भी पहले जैसा साथ मिलता नहीं दिख रहा। चीन से पूर्ण स्वतंत्रता के मसले पर हांगकांग की जनता बंटी नजर रही है।
चीन भी इन विरोधी नेताओं के प्रति काफी सख्त है। लोकतंत्र समर्थक महिला उम्मीदवार एग्नेस चाउ के चुनाव लड़ने पर चीन ने पहले ही पाबंदी लगा दी थी। उनके स्थान पर अब औ नोक-हिन हांगकांग आइसलैंड सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। नोक-हिन के खिलाफ चीन समर्थक जूडी चैन खड़ी हैं। मतदान से पहले चैन ने कहा, इस उपचुनाव ने हांगकांग की जनता को मौका दिया है कि वह देश का अपमान करने वालों को वोट से अपना जवाब दें।
वहीं, छात्र नेता और लोकतंत्र समर्थक जोशुआ वांग ने कहा, 'ऐसे समय पर जब अभिव्यक्ति की आजादी पर प्रतिबंध है और सड़कों पर हमें विरोध का सामना करना पड़ता है। हमारा वोट करना जरूरी है।' 2016 में लोकतंत्र समर्थकों को हांगकांग की छह सीटों पर जीत हासिल हुई थी। लेकिन चीन के दबाव में इन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया था। इन्हीं में से चार पर रविवार को चुनाव कराया गया।