विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

स्पेन में हाई स्पीड ट्रेन हादसे से रेल सुरक्षा पर उठे सवाल, टक्कर में मरने वालों की संख्या 69 हुई

Published: Fri, 30 Oct 2026 02:49 AM (IST)

स्पेन में बुधवार को हुई हाई स्पीड ट्रेनों की टक्कर से रेल सुरक्षा पर सवाल उठने लगे हैं। राष्ट्रीय चुनाव ...और पढ़ें

स्पेन में हाई स्पीड ट्रेन हादसे से रेल सुरक्षा पर उठे सवाल

स्पेन में हाई स्पीड ट्रेन हादसे से रेल सुरक्षा पर उठे सवाल

HighLights

  1. हादसे का कारण सुरक्षा प्रणाली का फेल होना बताया गया है 

  2. दो हाई स्पीड ट्रेनों की टक्कर में मरने वालों की संख्या 69 हुई

एपी, मैड्रिड। स्पेन में बुधवार को हुई हाई स्पीड ट्रेनों की टक्कर से रेल सुरक्षा पर सवाल उठने लगे हैं। राष्ट्रीय चुनाव से पहले हुए इस हादसे ने देश के रेल नेटवर्क की सुरक्षा को लेकर नई चिंताएं पैदा कर दी हैं। यह इस साल का दूसरा बड़ा रेल हादसा है।

हादसे का कारण सुरक्षा प्रणाली का फेल होना बताया गया है। देश में गत जनवरी में भी हाई स्पीड ट्रेन हादसा हुआ था, जिसमें 45 लोगों की मौत हुई थी। इस साल दोनों हादसे एक ही रेल लाइन पर हुए।

कास्तिया-ला मांचा के क्षेत्रीय अध्यक्ष एमिलियानो गार्सिया-पेज ने बताया कि घटनास्थल से एक और शव मिलने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 69 हो गई है। अब भी 50 लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

इधर, स्पेन की सरकार ने गुरुवार से तीन दिन के शोक की घोषणा की। स्पेन में बुधवार सुबह यह दुर्घटना दो हाई स्पीड ट्रेनों के बीच हुई थी, जिनमें सैकड़ों लोग सवार थे। दोनों ट्रेनें मैड्रिड से दक्षिण-पश्चिमी स्पेन के सेविले की ओर एक ही दिशा में जा रही थीं।

एक ट्रेन दूसरी ट्रेन के पिछले हिस्से से टकरा गई थी। दुर्घटना में स्पेन की सरकारी कंपनी 'रेनफे' और निजी रेल कंपनी 'इर्यो' की ट्रेनें शामिल थीं। 'रेनफे' की ट्रेन ने 'इर्यो' की ट्रेन को टक्कर मार दी थी।

रेल सुरक्षा पर सवाल उठाते हुए 24 वर्षीय एक ट्रेन यात्री ने कहा कि भरोसा डगमगा गया है। कुछ भी हो सकता है। व्यापक बदलाव की जरूरत है। इधर, ट्रेन कर्मचारियों ने गुरुवार को हड़ताल की और सरकार से रेल सेवाओं में सुरक्षा सुधार की मांग की।

परिवहन मंत्री ने बताई हादसे की वजह

परिवहन मंत्री आस्कर पुएंते ने कहा कि यह दुर्घटना स्पेन की ट्रेनों के लिए एक सेंट्रल कमांड सेंटर से मिले अस्पष्ट आदेश के कारण हुई, जो सुरक्षा प्रणाली के फेल होने के बाद दिया गया था।

उन्होंने बताया कि सुबह साढ़े आठ बजे रेलखंड के एक हिस्से में कंप्यूटर की खराबी के कारण सुरक्षा प्रणाली ने काम करना बंद कर दिया था, जिससे उस हिस्से की सभी ट्रेनों को रोक दिया गया था।

'इर्यो' की ट्रेन रुकी हुई थी और 'रेनफे' की ट्रेन 25 किलोमीटर पीछे थी, लेकिन कुछ मिनट बाद सेंट्रल कमांड 'रेनफे' की ट्रेन को बिना गति सीमा के फिर से चलने का निर्देश दिया और वह 'इर्यो' की ट्रेन से सुबह 8:53 बजे टकरा गई। स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने जांच कराने और रेल सुरक्षा में सुधार का वादा किया है ताकि लोगों का भरोसा बहाल हो सके।

दूसरा सबसे बड़ा हाई स्पीड रेल नेटवर्क


स्पेन का हाई-स्पीड रेल नेटवर्क देश की बड़ी उपलब्धियों में गिना जाता रहा है। चीन के बाद इस देश में दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा हाई-स्पीड रेल नेटवर्क है। तीन दशक से अधिक समय पहले सेवा शुरू होने के बाद इस साल की शुरुआत तक कोई बड़ी दुर्घटना नहीं हुई थी।

गत जनवरी में इन्हीं दोनों कंपनियों की ट्रेनों के बीच हादसा हुआ था। बुधवार को हुई दुर्घटना में भी इन्हीं कंपनियों की हाई स्पीड ट्रेनें शामिल थीं। इन दो भीषण हादसों ने रेल सुरक्षा पर भरोसे को हिला दिया है।