Russia Ukraine War : पूर्वी यूक्रेन में दिख रहा धरती का नर्क, यूक्रेनी सेना के एक अधिकारी ने बयां किया आंखों देखा हाल
यूक्रेन के नेशनल गार्ड की स्वोबोदा बटालियन के उप प्रमुख लेफ्टिनेंट वोलोदिमीर नाजारेंको (30) बताते हैं कि उन्होंने एक लाख एक हजार की आबादी वाले शहर को जले हुए रेगिस्तान में बदलते हुए देखा है। ऐसा वहां पर रूसी टैंकों की दिन-रात की गोलाबारी से हुआ।
कीव, एपी। जले हुए जंगल व शहर, खंडहर में तब्दील मकान व इमारतें, भय से कांपते लोग और बमबारी-गोलाबारी से बचने के लिए ट्रेंच या भूमिगत ठिकानों में छिपे लोग। यह दशा पूर्वी यूक्रेन के डोनबास इलाके की है। इसे किसी और ने नहीं यूक्रेनी सेना के एक अधिकारी ने बयां किया है। उसने डोनबास को धरती का नर्क बताया है जिसके लिए रूसी सेना जिम्मेदार है।
इस इलाके के अंतर्गत आने वाला लुहांस्क प्रांत रविवार को रूसी सेना के कब्जे में आ गया जबकि डोनेस्क प्रांत पर पूर्ण नियंत्रण के लिए लड़ाई जारी है। महीनों से हमलों का सामना कर रहे नागरिकों और सैनिकों की मानसिक स्थिति में भी अंतर आया है। इनमें से ज्यादातर को अपना ठिकाना छोड़ना पड़ा है और जान बचाते हुए अभावग्रस्त परिस्थितियों में रहना पड़ रहा है।
यूक्रेन का एक लाख आबादी वाला शहर बन गया रेगिस्तान
यूक्रेन के नेशनल गार्ड की स्वोबोदा बटालियन के उप प्रमुख लेफ्टिनेंट वोलोदिमीर नाजारेंको (30) बताते हैं कि उन्होंने एक लाख एक हजार की आबादी वाले शहर को जले हुए रेगिस्तान में बदलते हुए देखा है। ऐसा वहां पर रूसी टैंकों की दिन-रात की गोलाबारी से हुआ। इस शहर की एक भी इमारत सुरक्षित नहीं बची है। वहां रहने वाले ज्यादातर लोग शहर छोड़ गए हैं और जो हैं उनकी सुविधाओं के लिए कुछ नहीं बचा है।
यूक्रेन भी रूस पर कर रहा है हमला
वहीं, दूसरी ओर रूस ने रविवार को अपनी सीमा में स्थित बेलगोरोद शहर पर यूक्रेन की गोलाबारी का आरोप लगाया। मास्को ने कहा कि इस हमले में तीन लोग मारे गए हैं और एक मकान नष्ट हो गया है। यह शहर रूस-यूक्रेन सीमा से करीब 40 किलोमीटर भीतर है। रूसी क्षेत्र के गवर्नर व्याचेस्लाव ग्लादकोव ने कहा है कि यूक्रेन की गोलाबारी से पांच मकान नष्ट हो गए हैं, जबकि 11 अन्य भवनों को नुकसान पहुंचा है। बेलगोरोद शहर पर हमले के आरोप यूक्रेन पर पहले भी लगते रहे हैं। रूस के कब्जे में गए यूक्रेनी शहर मेलिटोपोल को फिर से पाने के प्रयास में यूक्रेनी सेना ने वहां स्थित रूसी सैन्य अड्डे पर हाल ही में 30 से ज्यादा हमले किए हैं।