सिडनी में गर्मी ने तोड़ा 80 साल का रिकॉर्ड, पारा 47 डिग्री के पार
सिडनी के लोगों को गर्मी के प्रकोप से बचने के लिए चेतावनी जारी की गई है। सिडनी और हंटर क्षेत्र में आग जलाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है।
सिडनी, आइएएनएस: अमेरिका, कनाडा से लेकर चीन में जहां बर्फीली हवाएं कहर बरपा रही हैं, वहीं आस्ट्रेलिया में गर्मी ने जनजीवन बेहाल कर रखा है। सिडनी में गर्मी ने 80 साल का रिकॉर्ड तोड़ डाला है। पारा 47.3 डिग्री पर जा पहुंचा है। ऑस्ट्रेलियाई मौसम विभाग के अनुसार जैसे-जैसे सूरज चढ़ता गया, तापमान बढ़ता गया। पारा दोपहर के करीब तीन बजे अपने उच्चतम स्तर पर था। सिडनी के दक्षिणी पश्चिमी उपनगर बैंक्सटाउन में भी तापमान 45 डिग्री के ऊपर था।
सिडनी के लोगों को गर्मी के प्रकोप से बचने के लिए चेतावनी जारी की गई है। सिडनी और हंटर क्षेत्र में आग जलाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों को घरों में रहने की हिदायत दी है। वहीं झाडि़यों की आग के साथ तापमान बढ़ने से दक्षिण पूर्वी राज्य विक्टोरिया में 10 किलोमीटर लंबे हाईवे का अलकतरा पिघल रहा है। मेलबर्न के बाहरी इलाकों समेत विक्टोरिया और दक्षिण ऑस्ट्रेलिया के कई राज्यों में आपातकाल की चेतावनी दे दी गई है। आग से करीब 400 घरों की गुल हुई बिजली अब तक बहाल नहीं हो सकी है।