सालों से कर रहा था सर्जरी, लेकिन जांच में नहीं निकला डॉक्टर, फेसबुक भी था एक जरिया
मैथ्यू को काफी समय से लोग डॉक्टर के तौर पर पहचानते थे, लेकिन जब असलियत खुली तो हैरान रह गए। वह डॉक्टर न होने के बाद भी लोगों की सर्जरी तक कर चुका था।
नई दिल्ली [जागरण स्पेशल]। एक ऐसा व्यक्ति जिसको स्थानीय लोग एक हैंडसम डॉक्टर के तौर पर देखते थे लेकिन जब सरकार की आंख उस पर पड़ी तो पता चला वह डॉक्टर था ही नहीं। भारत में इस तरह के डॉक्टरों की कोई कमी नहीं है। लेकिन यह कहानी हमारी नहीं बल्कि यूरोपीय देश रोमानिया की है। यहां पर खुद को डॉक्टर मैथ्यू के तौर पर पेश करने वाले का नाम दरअसल मोटेओ पोलिटी है। लेकिन वह रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट में खुलेआम अपना गोरखधंधा खुद को डॉक्टर बताकर चला रहा था। इतना ही नहीं उसने अपने फेसबुक पर इसको लेकर एक पेज भी बनाया था जिसमें उसने विक्ट्री साइन दिखाकर अपनी फोटो लगाई थी।
मैथ्यू उर्फ पोलिटी खुद को कॉस्मेटिक स्पेशलिस्ट और सर्जन बताता था। उसके मुताबिक वह अपने क्लिनिक पर सर्जरी तक कर चुका है। किसी भी डैशिंग मॉडल की ही तरह उसने अपने क्लिनिक पर अपनी बोटोक्स का इंजेक्शन हाथ में लिए एक फोटो भी लगाई हुई थी। मामला सामने आने के बाद ऑथरिटी ने जांच के बाद कहा कि वह डॉक्टर नहीं है और न ही इस पेशे से जुड़ी कोई प्रैक्टिस कर सकता है। न्यूयॉर्क टाइम्स की खबर के मुताबिक जांच में पता चला कि उसने अवैध तरीके से एक महिला का ऑपरेशन तक किया है। अब उसके खिलाफ पुलिस आपराधिक मामला दर्ज कर कार्रवाई कर रही है।
मामले की तय खुलने के बाद बुधवार को बोर्डर गार्ड ने उसे देश छोड़कर भागने की कोशिश करते हुए गिरफ्तार किया। वह ट्रेन के जरिए हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट जाने की फिराक में था। जांच में यह बात भी सामने आई कि उसको बुखारेस्ट की पब्लिक हैल्थ अथॉरिटी की तरफ से पिछले वर्ष हैल्थ केयर प्रोवाइडर के तौर पर आईडेंटिफिकेशन कोड जारी किया गया था। लेकिन बाद में अथॉरिटी ने इस कोड को जारी करने के लिए माफी मांगी। अथॉरिटी की तरफ से यहां तक कहा गया कि वह इस मामले की जांच करेगा कि उसको यह कोड कैसे मिला या कैसे दिया गया।
मैथ्यू दरअसल, इटली से रोमानिया में आकर बसा था। यहां पर आकर उसने बतौर डॉक्टर अपनी प्रैक्टिस शुरू की थी। लेकिन ऐसा करने के लिए उसको स्वास्थ्य मंत्रालय और रोमानियन कॉलेज ऑफ फिजीशियन की अनुमति लेनी जरूरी थी। इसके लिए उसके पास जरूरी पेपर तक नहीं थे। इटली में वह अपने असली नाम माटिओ पोलिटी के नाम से जाना जाता था, लेकिन यहां पर वह मैथ्यू था। इसको लेकर भी एक दिलचस्प कहानी सामने आई है। दरअसल, वह इस नाम से यहां पर प्रैक्टिस नहीं कर सकता था, क्योंकि वर्ष 2011 में उसको इटली में फर्जी डॉक्टर बनकर इलाज करने के आरोप में सजा मिल चुकी है। यही वजह थी कि उसने रोमानिया में एक नया नाम रखकर अपना काम जारी रखा।
रोमानिया के एक अखबार ने सबसे पहले इसकी खबर प्रकाशित की थी। जांच के दौरान उसने खुद को बेकसूर बताते हुए उसने यहां तक कहा कि उसके पास अपने को सही साबित करने के सुबूत हैं। उसके पास डॉक्टरी की सही डिग्री भी है। लेकिन वह ये नहीं बता सका है कि उसने यह डिग्री कहां से हासिल की। खुद को चर्चित करने के लिए मैथ्यू अपने फेसबुक पेज पर लगातार हैल्थ से जुड़ी चीजों को पोस्ट करता रहता था।
हाल ही में उसने एक पोस्ट में अपनी फोटो के नीचे बतौर कैप्शन लिखा था डॉक्टर मैथ्यू, जिसपर आप विश्वास कर सकते हैं। इसके बाद उसने लिखा था कि यह जरूरी है कि हमेशा आप एक बेहतर डॉक्टर ही चुनें। इसके अलावा उसने एक वीडियो भी अपनी फेसबुक वाल पर पोस्ट की थी इसमें वह रोमानियन करेंसी लिए हुए विक्ट्री का साइन दिखाता हुआ दिखाई दिया। इसमें वह कह रहा था कि शुक्रवार की रात सर्जरी, काम और फिर पार्टी के लिए तैयार।
एक अन्य वीडियो में उसके साथ में एक महिला दिखाई दे रही है जो उसको धन्यवाद देती हुई नजर आ रही है। मैथ्यू ने उसके होठों की सर्जरी की थी। मैथ्यू का मामला सामने आने के बाद देश का स्वास्थ्य मंत्रालय चौकन्ना हो गया है और दूसरे डॉक्टरों की भी जांच करने के बारे में विचार कर रहा है।