वियतनाम: हनोई में चार मंजिला इमारत में लगी आग, 5 लोगों की मौत
वियतनाम की राजधानी हनोई में एक चार मंजिला घर में आग लगने से पांच लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने आग पर काबू पा लिया है।

हनोई में घर में आग लगने से पांच लोगों की मौत (Hanoi Police/Facebook)
HighLights
हनोई में चार मंजिला घर में भीषण आग लगी।
हादसे में पांच लोगों की मौत हुई।
पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।
डिजिटल डेस्क, हनोई। वियतनाम की राजधानी हनोई में एक घर में बुधवार तड़के आग लग गई। ये हादसा रिहायशी इलाके में चार मंजिला घर में हुआ। इस आग में झुलसकर पांच लोगों की मौत हो गई है।
हनोई पुलिस ने अपने आधिकारिक फेसबुक अकाउंट पर बताया कि आग पर सुबह करीब 2:30 बजे (मंगलवार 1930 GMT) काबू पा लिया गया और 15 मिनट बाद उसे पूरी तरह बुझा दिया गया।
हनोई में चार मंजिला इमारत में लगी आग
हनोई के बीचों-बीच वान काओ स्ट्रीट के पास एक तंग गली में स्थित इस घर में चार मंजिलें थीं और हर मंजिल का एरिया लगभग 60 वर्ग मीटर था।
स्थानीय निवासियों ने रात करीब 1:50 बजे आग देखी और अलार्म बजाया। स्थानीय लोगों ने मौजूद उपकरणों से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग पर काबू पाया नहीं जा सका।
आग लगने की घटना की जानकाी हनोई पुलिस कमांड सूचना केंद्र को सुबह 2:06 बजे दी गई, जिसके बाद एक कमांड वाहन, पांच अग्निशमन इंजन और लगभग 40 अधिकारियों और अग्निशामकों को घटनास्थल पर भेजा गया।
पुलिस ने बताया कि दमकलकर्मियों के पहुंचने तक चार लोग बाहर निकलने में कामयाब हो गए थे। वहीं पांच लोग जो घर से बाहर नहीं आ पाए, उनकी इस हादसे में मौत हो गई। पुलिस आग लगने की वजह की जांच कर रही है।
(समाचार एजेंसी रॉयटर्स के इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें- दुश्मन पर अंतरिक्ष से होगा वार, अमेरिका ने स्पेस में तैनात किया हथियार
