नाइजीरिया में बंदूकधारियों के हमले में 17 की मौत, हमले रोकने को उठाने होंगे ये कदम
राज्य पुलिस के प्रवक्ता मुहम्मद शेहू ने रविवार को कहा कि क्षेत्र में इस तरह के हमलों को रोकने के लिए अधिक संख्या में पुलसिकर्मियों की तैनाती की गई है।
अबुजा, आइएएनएस। नाइजीरिया के जामफारा में अज्ञात बंदूकधारियों के हमले में 17 लोगों की मौत हो गई। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, यह घटना जामफारा के माराडुन में मगामी गांव में हुई।
राज्य पुलिस के प्रवक्ता मुहम्मद शेहू ने रविवार को कहा कि क्षेत्र में इस तरह के हमलों को रोकने के लिए अधिक संख्या में पुलसिकर्मियों की तैनाती की गई है। इस हमले में मारे गए लोगों के अंतिम संस्कार में जामफारा के कार्यकारी गवर्नर सानसुई रिकीजी सहित कई पुलिस अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
कुछ दिनों पहले ही बंदूकधारियों ने राजधानी अबूजा के मुख्य सड़क पर पूर्व रक्षा प्रमुख की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। नाइजीरिया की वायुसेना ने इसकी जानकारी दी थी। मृतक एयर चीफ मार्शल एलेक्स साबुंदु बदेह (61) पूर्व राष्ट्रपति गुडलक जोनाथन की सरकार में रक्षा प्रमुख थे और 2015 में रिटायर हो गए थे।
अभी हत्या की वजह साफ नहीं हो पाई है और न ही आरोपियों की गिरफ्तारी के बारे में कुछ कहा गया है। बदेह के खिलाफ अपने कार्यकाल के दौरान भ्रष्टाचार के आरोप में एक मामला चल रहा था।