जर्मनी की चांसलर मर्केल को चौथा कार्यकाल मिलना तय
जनमत सर्वेक्षणों से अनुमान लगाया गया है कि 62 वर्षीय मर्केल सत्ता में बनी रहेंगी।
बर्लिन, प्रेट्र। जर्मनी में इस रविवार को आम चुनाव होने वाले हैं। इसमें चांसलर एंजेला मर्केल को चौथा कार्यकाल मिलना लगभग माना जा रहा है। हालांकि द्वितीय विश्व युद्ध के बाद पहली बार दक्षिणपंथी पार्टी अल्टरनेटिव फॉर जर्मनी के संसद में पहुंचने की संभावना भी जताई जा रही है।
आम चुनाव से महज कुछ दिनों पहले कराए गए जनमत सर्वेक्षणों से अनुमान लगाया गया है कि 62 वर्षीय मर्केल सत्ता में बनी रहेंगी। वह अगली गठबंधन सरकार की भी कमान संभालेंगी। मर्केल 2005 से जर्मनी की चांसलर हैं। कंजरवेटिव गठबंधन में मर्केल की क्रिश्चियन डेमोक्रेटिक यूनियन पार्टी और क्रिश्चियन सोशल यूनियन शामिल हैं।
सर्वेक्षणों के अनुसार यह गठबंधन संसद के निचले सदन में सबसे बड़े समूह के रूप में उभरेगा। इन दोनों पार्टियों को 24 सितंबर को होने वाले चुनाव में 37 फीसद मत मिलने की संभावना है। वहीं मर्केल के प्रतिद्वंद्वी मार्टिन शुल्ज और उनकी सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी को महज 20 फीसद वोट मिलने का अनुमान है। शुल्ज यूरोपीय संसद के अध्यक्ष रह चुके हैं। सर्वेक्षणों में करीब 25 फीसद वोटरों से बातचीत की गई। इनमें से 50 फीसद से अधिक ने कहा कि वे मर्केल को सत्ता में बने रहना देखना चाहते हैं।
यह भी पढ़ें: UN प्रमुख ने 'विश्व शांति' कायम करने के लिए वैश्विक नेताओं से किया अनुरोध